सियोल, 13 जून (आईएएनएस)। अमेरिका की एक परमाणु रिएक्टर पनडुब्बी सोमवार को सैन्य अभियानों में हिस्सा लेने दक्षिण कोरिया पहुंच गई।
यूएस फोर्सेज कोरिया (यूएसएफके) के अनुसार, 7,800 टन वजनी यूएसएस मिसिसिप्पी (एसएसएन-782) और 115 मीटर लंबी पनडुब्बी बुसान बंदरगाह पहुंच गई है।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह परमाणु पनडुब्बी अमेरिका के नौसेना बेड़े में 2012 में शामिल हुई थी। यह एशिया क्षेत्र की अपनी पहली जलयात्रा पर है और 141 कर्मीदल के साथ बुसान पहुंच गई है।
एक बयान में कहा गया कि यूएसएस मिसिसिप्पी ‘पनडुब्बी बेड़े की नई क्षमताओं की दक्षता को बरकरार रखते हुए कई मिशनों को अंजाम देगी।’
उत्तर कोरिया हालांकि इस अमेरिकी पनडुब्बी के दक्षिण कोरिया पहुंचने का विरोध कर सकता है, क्योंकि वह दक्षिण कोरिया व अमेरिका के बीच किसी भी सैन्य गतिविधि को उत्तर कोरिया पर आक्रमण की तैयारी के रूप में देखता है।
इस वक्त दक्षिण कोरिया में अमेरिका के 28,500 सैनिक तैनात हैं।
dharmpath.com dharmpath