सियोल, 9 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्युन हाय ने सोमवार को अमेरिकी राजदूत मार्क लिपर्ट से अस्पताल में मुलाकात की, जो पिछले सप्ताह एक हमले में घायल हो गए थे। उन पर अमेरिका विरोधी मानसिकता के एक व्यक्ति ने हमला किया था।
पार्क ने सेवेरेंस हॉस्पीटल में लिपर्ट से मुलाकात की, जहां उन्हें गुरुवार को भर्ती कराया गया था।
समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, अमेरिका विरोधी मानसिकता के एक हमलावर ने दक्षिण कोरिया-अमेरिका संयुक्त सैन्याभ्यास के विरोध में लिपर्ट की कलाई और चेहरे पर रेजर से हमले किए थे।
पार्क मध्यपूर्व के चार देशों की यात्रा से लौटने के तुरंत बाद अमेरिकी राजदूत से मुलाकात करने पहुंचीं।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी राजदूत की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और उन्हें जल्द ही छुट्टी दी जा सकती है। लिपर्ट को 80 से ज्यादा टांके लगे हैं।
हमलावर किम की-जोंग को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर हत्या के प्रयास, विदेशी राजनयिक के खिलाफ हिंसा और काम में व्यवधान डालने के आरोप लगाए गए हैं।
हमलावर का दावा है कि उत्तर कोरिया के खतरों से निपटने के लिए किया जा रहा अमेरिका-दक्षिण कोरिया संयुक्त युद्धाभ्यास दोनों कोरियाई देशों के एकीकरण के प्रयास में बाधा डाल रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath