अमेरिकी राज्य टेक्सास में 4 पुलिस अधिकारियों की गोली मारकर हत्या

वाशिंगटन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राज्य टेक्सास के डलास नगर में गुरुवार रात एक जन प्रदर्शन के दौरान दो बंदूकधारियों ने चार पुलिस अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी और कई अन्य को घायल कर दिया। प्रदर्शन अमेरिका में हाल में पुलिसिया गोलीबारी में एक अश्वेत युवक के मारे जाने के विरोध में हो रहा था ।

समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने एक बयान में कहा कि गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक है और दो अन्य की सर्जरी हुई है।

संदिग्धों के ठौर-ठिकाने का अब तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने नागरिकों से सहयोग करने का अनुरोध किया है।

अधिकारियों के अनुसार, एक संदिग्ध मारा गया, जबकि दूसरा संदिग्ध संभवत: बुलेट प्रूफ जैकेट पहने हुए था।

पुलिस ने एक संदिग्ध का फोटो भी जारी किया है, जो अश्वेत एवं हट्टा कट्टा युवक है। वह एक सैन्य कमीज पहने हुए है और बंदूक जैसी कोई चीज लिए नजर आ रहा है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध को पहचानने में मदद करने की अपील की है।

यह प्रदर्शन मिनेसोटा राज्य में फिलांदो कैस्टाइल एवं लुईजियाना राज्य में एल्टन स्टर्लिग नामक युवक की पुलिस गोलीबारी में हुई मौत के विरोध में गुरुवार रात किया जा रहा था, उसी दौरान पुलिस पर गोलियां चलाई गईं।

कैस्टाइल (32) को बुधवार को एक पुलिस अधिकारी ने गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसकी मंगेतर डायमंड रेनॉल्ड्स ने इस घटना के तुरंत बाद फेसबुक पर एक संदेश दिया था।

डायमंड के अनुसार, पुलिस ने फैलक्न हाइट्स जिले में उनकी कार को महज एक लाइट टूटी होने की वजह से रोका था।

‘सीएनएन’ चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, कैस्टाइल के पुलिस की गोली से मारे जाने की घटना लुईजियाना में गोलीबारी में 37 वर्षीय एल्टन स्टर्लिग के मारे जाने के बाद सामने आई है।

एल्टन दो श्वेत पुलिस अधिकारियों के साथ हुई झड़प में मारा गया था। एक राहगीर ने स्मार्टफोन से इस घटना की वीडियो बनाई थी, जो बाद में सोशल मीडिया में आ गई जिसे लेकर लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है।

इन दोनों घटनाओं के विरोध में गुरुवार रात डलास में एक प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शनकारी ‘हाथ ऊपर, गोली मत चलाओ’ के नारे लगा रहे थे। यह नारा 2014 मिजूरी राज्य में हुई गोलीबारी के बाद चर्चित हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493