अलेप्पो में 20 लाख लोग बिजली-पानी से महरूम

अलेप्पो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरी सीरिया के अलेप्पो में करीब 20 लाख लोगों को बिजली और पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है और इस शहर में फंसे बच्चों को बीमारी का शिकार होने का गंभीर खतरा है। संयुक्त राष्ट्र ने यह चेतावनी देते हुए मानवता की दृष्टि से तत्काल युद्ध रोकने का आग्रह किया है।

संयुक्त राष्ट्र के रेजीडेंट एवं सीरिया के लिए मानवीय समन्वयक याकूब अल-हिलो एवं सीरिया संकट के लिए क्षेत्रीय मानवीय समन्वयक केविन केनेडी ने कहा, “अस्पतालों एवं क्लीनिकों को निशाना बनाना निर्बाध रूप से जारी है, जिसकी वजह से अलेप्पो के सभी नागरिकों का स्वास्थ्य एवं हित गंभीर रूप से खतरे में पड़ गया है।”

नागरिक ठिकानों पर इस हफ्ते हुए हमलों के कारण शहर के बिजली-पानी आपूर्ति ढांचों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा है। इसकी वजह से अलेप्पो शहर के 20 लाख निवासियों को बिना बिजली या सार्वजनिक जलापूर्ति के रहना पड़ रहा है।

हिलो एवं केनेडी ने कह है कि संयुक्त राष्ट्र इससे बहुत चिंतित है कि बिजली और पानी आपूर्ति के नेटवर्क की तत्काल मरम्मत नहीं की गई तो लाखों नागरिकों के लिए इसका परिणाम अत्यंत खतरनाक होगा।

दोनों ने आग्रह किया है कि सभी प्रतिबंध तत्काल हटा लिए जाएं और पूरी तरह से संघर्ष विराम हो या इस पर हफ्ते में 48 घंटे का मानवीय आधार पर विराम लगे, ताकि पूरे अलेप्पो में लाखों जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा जा सके और उन्हें भोजन और दवा की आपूर्ति हो सके, जिसकी खतरनाक स्तर तक कमी है।

बच्चों के हितों का खयाल रखने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने कहा है कि पूरे शहर में पिछले चार दिनों से पानी की आपूर्ति बंद है। सीरिया में यूनिसेफ की प्रतिनिधि हान्ना सिनगर ने कहा, “अलेप्पो में बच्चे और परिवार विनाशकारी स्थिति का सामना कर रहे हैं।”

स्वच्छ जल आपूर्ति की बहाल के लिए युद्ध बंद होने का इंतजार नहीं किया जा सकता। बच्चों की जान को गंभीर खतरा है।

हाल के हफ्तों में सरकारी सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष और तेज हो गया है। रविवार को विद्रोहियों ने पश्चिमी अलेप्पो तक जाने वाले प्रमुख मार्ग को काट दिया है। इसकी वजह से सरकार समर्थक सेना ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, अलेप्पो में जुलाई में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कम से कम 10 ठिकानों पर हमले की पुष्टि हुई है। पूरे शहर में अब मात्र 35 डॉक्टर बचे हैं।

माना जा रहा है कि विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी अलेप्पो इलाके के प्रमुख मार्ग को सरकारी सेना ने जुलाई के शुरू में ही बंद कर दिया है, जिससे कम से कम 2.5 लाख लोग फंसे हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493