नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। अपने गाने ‘तुम तो ठहरे परदेसी’ से चर्चित गायक अल्ताफ राजा अब आगामी फिल्म ‘हंटर’ में ‘दिल लगाना’ गाना लेकर आए हैं। उन्होंने इसे 1990 के दशक के डांस बार को समर्पित किया है।
फैंटम फिल्म्स ने अल्ताफ के हवाले से एक बयान में कहा कि ‘दिल लगाना’ पूरी तरह से 1990 के दशक के डांस बार को समर्पित है।
बयान में कहा गया है कि ‘हंटर’ के निर्देशक हर्षवर्धन नदीम-श्रवण की धुनों से प्रेरित धुन चाहते थे। धुन जब बनकर तैयार हुई तो उन्होंने इसे एक ऐसे गायक से गवाने का फैसला लिया, जिसकी आवाज 1990 के दशक की याद ताजा कर दे। उनकी तलाश अल्ताफ पर जाकर खत्म हुई।
अल्ताफ ने कहा, “फिल्म ‘हंटर’ के संगीतकार खामोश शाह ने मेरी शायरी स्टाइल के साथ एक कर्णप्रिय और लुभावना गाना तैयार किया। मैं आशा करता हूं, लोग इसका लुत्फ उठाएंगे।”
‘हंटर’ 20 मार्च को रिलीज हो रही है, जिसमें गुलशन देवैया, राधिका आप्टे और साई ताम्हणकर हैं।
dharmpath.com dharmpath