पुणे, 11 जून (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी एफसी पुणे सिटी ने अपने स्टार स्ट्राइकर इमिलियानो अल्फारो के साथ करार को 2018-19 सीजन तक के लिए बढ़ा दिया है।
फ्रेंचाइजी ने सोमवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।
उरुग्वे के इस खिलाड़ी ने 2017-18 सत्र में टीम के लिए हर मैच खेला था।
अल्फारो के साथ करार को बढ़ाने पर क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव मोडवेल ने कहा, “अल्फारो हमारी टीम का अहम हिस्सा हैं और प्रशंसक भी उन्हें काफी पसंद करते हैं।”
उन्होंने कहा, “उन्होंने पिछले सीजन में लगभग हर मैच में मैदान पर 90 मिनट का खेल खेला है। उनकी तेजी और फैसले लेने की क्षमता एफसी पुणे सिटी टीम के पिछले सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाने की बड़ी वजह रही थी। हम उन्हें अपने पास रखकर खुश हैं।”
पुणे सिटी के साथ उन्होंने 19 मैच खेले थे और नौ गोल किए थे। वह क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे थे।
अल्फारो ने क्लब के साथ करार बढ़ाए जाने पर कहा, “मैं एक बार फिर एफसी पुणे सिटी की जर्सी पहनने तैयार हूं। बीता सीजन बेहतरीन रहने के बाद क्लब के साथ करार बढ़ाने का फैसला मेरे लिए आसान था। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हमारी टीम आने वाली सीजन में वहीं से शुरुआत करेगी जहां से पिछले सीजन में खत्म किया था।”
dharmpath.com dharmpath