मेड्रिड, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेनिश ला लीगा फुटबाल टूर्नामेंट के मौजूदा सत्र में संघर्ष कर रहे अल्मेरिया क्लब ने अपने कोच जुआन इग्नासियो मार्टिनेज को निष्कासित कर दिया है। क्लब ने यह कदम रविवार को लेवांते से मिली 1-4 की हार के बाद उठाया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मार्टिनेज से क्लब से जुड़े अभी चार महीने भी पूरे नहीं हुए थे। इस सत्र में कोच के तौर पर क्लब के हटाए जाने वाले वह दूसरे व्यक्ति हैं। इससे पूर्व दिसंबर में जेवियर रॉड्रिगेज को भी टीम ने बाहर का रास्ता दिखाया था।
जेवियर की कोचिंग में टीम आठ मैचों में केवल दो ड्रा खेलने में सफल हो सकी थी।
नए कोच के आने के बावजूद अल्मेरिया के प्रदर्शन में कोई खास सुधार नहीं दिखा और पिछले सात मैचों में टीम ने केवल तीन अंक अर्जित किए। अल्मेरिया अभी ला लीगा अंकतालिका में 19वें पायदान पर पहुंच गया है।
अल्मेरिया को अगला मैच एफसी बार्सिलोना के खिलाफ बुधवार को उसी के गृह मैदान पर खेलना है।
dharmpath.com dharmpath