अशोकनगर-मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में खाद की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश सोमवार को सड़कों पर दिखाई दिया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर राजमाता चौराहे पर पहुंचे और प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप था कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और किसानों को जल्द खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क था। शहर के विभिन्न हिस्सों में बैरिकेडिंग कर यातायात के वैकल्पिक मार्ग तय किए गए थे। ताकि चक्काजाम के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक चौराहे पर आवाजाही प्रभावित रही लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद किसानों को विदिशा रोड स्थित डबल लॉक केंद्र पर भेजा गया। यहां खाद वितरण के लिए टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई और किसानों का पंजीयन शुरू किया गया। बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर पहुंचे। वहां देर शाम तक खाद लेने और टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी रही थी।
dharmpath.com dharmpath