असम में उग्रवादी हमला, 3 जवान शहीद (लीड-2)

गुवाहाटी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। असम के तिनसुकिया जिले में शनिवार सुबह उग्रवादियों ने सेना के एक काफिले पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम तीन जवान शहीद हो गए।

पेनगेरी में शनिवार सुबह 5.30 बजे के आसपास हुए हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत की और कहा कि उनका मंत्रालय हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है।

उन्होंने ट्वीट किया, “तिनसुकिया में हुए विस्फोट के मद्देनजर, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुझे हालात से वाकिफ कराया। केंद्रीय गृह मंत्रालय हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है।”

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनीत न्यूटन ने कहा कि सशस्त्र उग्रवादियों ने पहले एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में विस्फोट कर दिया और उसके बाद वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

रक्षा प्रवक्ता ने कहा, “उग्रवादियों ने एके-47, आरपीजी, लीथोड बंदूकों और अन्य अत्याधुनिक हथियारों से काफिले पर हमला किया था।”

न्यूटन ने कहा, “गोलीबारी में घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में तीन जवानों ने दम तोड़ दिया।”

असम के पुलिस महानिदेशक मुकेश सहाय ने आईएएनएस से कहा, “हमारे लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं। मैं डिब्रूगढ़ से वहां जाऊंगा। हमले के बारे में इस वक्त हम कुछ नहीं कह सकते।”

तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक मुग्धज्योति महंत ने कहा कि हमला नेशनलिस्ट सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-खापलंग (एनएससीएन-के) और आतंकवादी संगठन युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के वार्ता विरोधी गुट ने किया।

संदिग्ध उग्रवादियों ने बुधवार को पेनगेरी में गोलीबारी की थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493