असांज के साथ कोई विशेष व्यवहार नहीं होने वाला : ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री

कैनबरा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को कहा कि विकिलीक्स के संस्थापक और आस्ट्रेलिया के नागरिक जुलियन असांज के साथ उनके गृहदेश द्वारा कोई ‘विशेष बर्ताव’ नहीं किया जाएगा। असांजे को गुरुवार को लंदन में गिरफ्तार किया गया था।

मॉरिसन ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय प्रसारक एबीसी न्यूज से कहा कि असांज के साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा, जैसा सबके साथ किया जाता है।

असांज पर अमेरिका में गोपनीय जानकारियों को उजागर करने का आरोप है। उन्हें गुरुवार को लंदन के इक्वाडोर दूतावास से गिरफ्तार किया गया था। शरण पाने के बाद वह वहां करीब सात वर्षो से रह रहे थे।

मॉरिसन ने एबीसी से कहा, “जब ऑस्ट्रेलियाई विदेशों में यात्रा करते हैं और उन्हें कानून के साथ कुछ दिक्कत होती है, तो उन्हें उस देश की न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ता है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उन्होंने किस तरह का अपराध किया है। इसी तरह से प्रणाली काम करती है।”

उन्होंने कहा, “असांज की भी उसी तरह से सहायता की जाएगी, जैसा किसी अन्य ऑस्ट्रेलियाई के साथ किया जाता है..उनके साथ कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं होने वाला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493