वाशिंगटन, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवारी की दौड़ में आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि परमाणु हथियार संपन्न ‘अस्थिर’ पाकिस्तान से निपटने में भारत, अमेरिका की मदद कर सकता है।
ट्रंप ने यह टिप्पणी इंडियानापोलिस में टाउन-हॉल में बैठक के दौरान उस सवाल के जवाब में की, जिसमें उनसे पूछा गया कि अमेरिका के साथ ‘दोहरा रवैया’ अपनाने वाले पाकिस्तान के साथ वह कैसे निपटेंगे।
फॉक्स न्यूज के साक्षात्कार कर्ता ने कहा, “हमने उन्हें (पाकिस्तान) धन दिया और वे हमारे साथ दोहरा रवैया अपना रहे हैं।”
ट्रंप ने कहा, “पाकिस्तान के साथ समस्या, मुझे लगता है कि उनके पास परमाणु हथियार है, जो सचमुच में एक समस्या है। अकेली और सबसे बड़ी समस्या परमाणु हथियार है। लेकिन यह अस्थिर है और हम वहां (पाकिस्तान) पूरी अस्थिरता नहीं चाहते हैं।”
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पाकिस्तान के साथ संबंध थोड़े बहुत अच्छे हैं और यदि वह राष्ट्रपति बनते हैं, तो इस्लामाबाद के साथ संबंधों को और बेहतर करेंगे।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अगर हम उन्हें धन देते हैं, तो हम उनकी मदद कर रहे होते हैं, लेकिन अगर हम ऐसा नहीं करते तो वे किसी दूसरे पक्ष का दामन थाम लेंगे, जो वास्तव में आपदा जैसी होगी।”
ट्रंप ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि वह आपदा आखिर होगी क्या।
उन्होंने कहा, “अगर आप भारत तथा किसी अन्य देश की ओर देखते हैं, तो वे हमारी मदद कर सकते हैं, क्योंकि हम उनकी मदद करने जा रहे होते हैं।”
dharmpath.com dharmpath