अहरेंस चुने गए भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच

नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। जर्मनी के माथियास अहरेंस को भारतीय महिला हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया।

पिछले वर्ष नवंबर में आस्ट्रेलिया के नील हॉगुड के जाने के बाद से यह पद खाली पड़ा था।

हॉकी इंडिया (एचआई) ने जनवरी में न्यूजीलैंड के एंथनी थॉर्नटॉन की नियुक्ति की थी, हालांकि वह अब तक टीम से जुड़ ही नहीं सके।

एचआई के अध्यक्ष नरिंद्र बत्रा ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, “चूंकि थॉर्नटॉन पद ग्रहण ही नहीं कर सके इसलिए हमने अहरेंस को नियुक्त कर दिया। थॉर्नटॉन के साथ कुछ स्वास्थ्य समस्याएं थीं और उनका ऑपरेशन भी होना था, जिसके बाद उन्हें छह महीने आराम का मशविरा दिया गया। इसी वजह से उनके पद ग्रहण करने में देरी हुई।”

बत्रा ने कहा, “हालांकि हम इंतजार नहीं कर सकते थे, क्योंकि हमें अपनी योजना के अनुसार अपना सफर जारी रखना है।”

एचआई ने नवनियुक्त कोच अहरेंस के साथ गुरुवार को राजधानी के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एक संवाददाता सम्मेलन बुलाया है।

भारतीय महिला हॉकी टीम को अगले महीने बेल्जियम में होने वाले हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में हिस्सा लेना है, जहां उसके रियो ओलम्पिक-2016 में क्वालीफाई करने पर फैसला होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493