आंध्र : श्री सिटी में 11 कंपनियां 1215 करोड़ रुपये निवेश करेंगी

विशाखापत्तनम, 11 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के श्री सिटी ने सोमवार को कहा कि 11 कंपनियों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं, जो यहां अपनी इकाइयां स्थापित करेंगी और 1,215 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।

विभिन्न उद्योगों से संबंधित समझौतों पर हस्ताक्षर यहां आयोजित सीआईआई पार्टनरशिप समिट के दौरान किए गए।

श्री सिटी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रस्तावित इकाइयां 4,000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार पैदा करेंगी।

अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी कोलगेट-पामोलिव टूथ ब्रश बनाने की एक इकाई स्थापित करने में 450 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि जापानी ऑटो कंपनी इसुजू यहां 230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी। इस कंपनी की उपस्थिति यहां पहले से ही है।

ऊर्जा एवं पर्यावरण इंजीनियरिंग कंपनी थरमैक्स बॉयलर और वाष्प अवशोषण मशीनों के विनिर्माण की इकाई स्थापित करने में 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

सौर पैनल विनिर्माता कंपनी, विक्रम सोलर यहां अपनी इकाई स्थापित करने के लिए 220 करोड़ रुपये निवेश करने वाली है।

7,500 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत श्री सिटी एक एकीकृत विकास क्षेत्र है, जिसमें एक बहु उत्पाद विशेष आर्थिक जोन, एक घरेलू ट्रैफिक जोन और मुक्त व्यापार भंडारण जोन के साथ ही विभिन्न आवासीय, जीवनशैली संबंधित सुविधाएं शामिल हैं।

चेन्नई के उत्तर 55 किलोमीटर दूर चित्तूर जिले में स्थित श्री सिटी सड़क, रेल नेटवर्क के साथ जुड़ा हुआ है और चार समुद्री बंदरगाहों तथा दो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे भी इस क्षेत्र की पहुंच में हैं।

यहां 26 देशों की 108 कंपनियां हैं, जो या तो चालू हो चुकी हैं, या फिर निर्माण की अवस्था में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493