वाशिंगटन, 27 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) से आग्रह किया है कि वे ब्रिटेन के संघ से अलग होने के फैसले के कारण पैदा हुए जोखिमों को कम करें।
आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीन लगार्ड ने कोलोरेडो में आस्पेन आइडियाज फेस्टिवल के मौके पर रविवार को एक सम्मेलन में कहा, “इस समय ब्रिटेन और यूरोप के नीति-निर्माताओं के सामने काफी अनिश्चितता है और वे अगले कुछ दिनों में क्या कदम उठाते हैं, उससे ही वस्तुत: जोखिमों को दिशा मिलेगी।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक ईयू से अलग होने का फैसला करने के बाद ब्रिटेन को अलग होने की शर्तो पर वार्ता करनी होगी और ईयू के साथ नए संबंध स्थातिप करना होगा।
लगार्ड ने कहा, “आईएमएफ निरंतर दोनों पक्षों को सर्वाधिक उपयुक्त और उम्मीद के अनुरूप रास्ता अख्तियार करने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि अनिश्चता के स्तर को कम किया जा सके।” उन्होंने कहा कि इससे भावी जोखिमों का स्तर तय होगा।
आईएमएफ ने ब्रेक्सिट जनमत संग्रह से पहले चेतावनी दी थी कि ईयू से अलग होने के बाद ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 2017 में 0.8 फीसदी संकुचित हो सकती है।
dharmpath.com dharmpath