आईएसएल : अनुशासन समिति को भेजी एफसी गोवा के दुर्व्यवहार की शिकायत

फेटरोड़ा, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) प्रबंधन ने आईएसएल-2 के फाइनल मैच के बाद एफसी गोवा टीम के खिलाड़ियों के दुर्व्यवहार की शिकायत सोमवार को अनुशासन समिति को सौंप दी।

रविवार को हुए फाइनल मैच में चेन्नइयन एफसी से हारने के बाद गोवा के खिलाड़ियों पर मैदान के अंदर और बाहर अपशब्दों का प्रयोग करने और सहयोग की भावना न दिखाने की शिकायत की गई है।

फाइनल मैच में चेन्नई ने गोवा को 3-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। इस रोमांचक फाइनल में खिलाड़ियों के बीच कई बार कहासुनी की नौबत भी आई।

आईएसएल ने जारी एक विज्ञप्ति में कहा है, “आईएसएल को यह सूचित कर दिया गया है और हमारे सहयोगी प्रसारक स्टार इंडिया ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है कि एफसी गोवा टीम प्रबंधन ने फाइनल मैच के परिणाम को विवाद में खींचते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।”

गौरतलब है कि गोवा के खिलाड़ियों ने पहले पदक वितरण समारोह का बहिष्कार किया और उसके बाद क्लब के सह-मालिक दत्तराज सलगावकर ने चेन्नइयन के खिलाड़ी इलानो ब्लूमर के खिलाफ उन्हें अपशब्द बोलने और हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवा दी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ब्लूमर को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें जमानत पर रिहा भी कर दिया गया।

सलगावकर ने अपनी शिकयात में कहा है कि ब्लूमर ने उनसे पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान दुर्व्यवहार किया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “आईएसएल ने गोवा के दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया है। आईएसएल किसी भी हाल में क्लब के खिलाड़ियों, प्रबंधन और सहायक कर्मचारियों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी। यह मामला अब आईएसएल की अनुशासन समिति के पास है।”

आईएसएल को गोवा क्लब के प्रबंधक की तरफ से किसी भी तरह कि शिकायत नहीं मिली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493