गुवाहाटी, 5 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में नार्थईस्ट युनाइटेड एक बार फिर घरेलू दर्शकों के सामने हार के सिलसिले को तोड़ने में नाकाम रहा।
शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक्स स्टेडियम में हुए मैच में मुम्बई सिटी एफसी ने नॉर्थईस्ट को 1-0 से हरा दिया।
यह नार्थईस्ट की इस सीजन में अपने घर में लगातार तीसरी हार है।
वहीं मुम्बई को इस जीत से फायदा हुआ है। मुंबई इस जीत के साथ आठ टीमों की अंकतालिका में पहले स्थान पर आ गया है। वहीं नार्थईस्ट आठ मैचों से 10 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।
मैच का एकमात्र गोल 45वें मिनट में मुम्बई के लिए खेल रहे भारतीय स्ट्राइकर जैकीचंद सिंह ने किया। इसके साथ मुम्बई के नौ मैचों से 15 अंक हो गए हैं और उसने दूसरे स्थान पर काबिज दिल्ली डायनामोज (13 अंक) पर दो अंकों की बढ़त ले ली है।
मैच का पहला हाफ काफी मनोरंजक रहा। मुम्बई ने इस दौरान काफी समय तक गेंद अपने पास रखी और अपने विपक्षी पर हावी रहा। इस दौरान मुंबई को कई अच्छे मौके भी मिले लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सका। 45वें मिनट में हालांकि जैकीचंद ने मुम्बई को एक आसान गोल के साथ बढ़त दिला दी।
जैकीचंद ने मुम्बई को पूरे तीन अंक दिलाने वाला गोल सोनी नोर्डे के पास पर किया। गुस्तावो लाजारेती द्वारा गोलकीपर को बैकपास देने के बाद नोर्डे गेंद पर टूट पड़े। इस दौरान वेलिंग्टन गोम्स गेंद पर काबू पाने का प्रयास करने लगे लेकिन अपने किसी साथी को देने की बजाय उन्होंने गलती से गेंद जैकी को दे दी। जैकी ने बिना किसी गलती के गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।
जैकी के गोल से पहले नार्थईस्ट के पास बढ़त लेने का मौका था लेकिन वह इसे अपने पक्ष में मोड़ने में नाकाम रहा। 30वें मिनट में एमिलियानो एल्फारो के करीबी प्रयास को मुम्बई के गोलकीपर एल्बीनो गोम्स ने रोक दिया। इसके बाद हालांकि यह टीम कोई और बड़ा मौका नहीं बना सकी।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। इसका असर खिलाड़ियों की मानसिकता पर भी पड़ा। 50वें मिनट में कास्तुमी युसा, दिदिर जोकोरा और लालमनराएसांगा राल्ते आपस में भिड़ गए। रेफरी ने तीनों को पीला कार्ड दिखाया। दूसरे हाफ में कुल छह पीले कार्ड दिखाए गए। इनमें से एक नार्थईस्ट के एल्फारो भी हैं और लगातार दूसरे मैच में पीला कार्ड मिलने के बाद वह गोवा के खिलाफ अगले मैच में नहीं खेल सकेंगे।
दूसरे हाफ में मुम्बई के पास अपनी बढ़त को दोगुना करने के कई मौके मिले, लेकिन वह अपने खाते में दूसरा गोल नहीं डाल सका। 57वें मिनट में मुम्बई के कप्तान डिएगो फोर्लान और क्रीस्टियान वादोज के पास गोल करने का मौका था लेकिन वह चूक गए।
मुम्बई ने 65वें मिनट में नोर्डे के स्थान पर मार्की खिलाड़ी मथायस डिफेड्रिको को मैदान में भेजा। 79वें मिनट में वह गोल करने के काफी करीब पहुंचे, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।
दूसरे हाफ में नार्थईस्ट को कई कार्नर मिले लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सकी। इसका सारा श्रेय मुम्बई की डिफेंस को जाता है, जिसने किसी भी हाल में नार्थईस्ट को बराबरी नहीं करने दी। 73वें मिनट में इसी तरह का एक नजारा देखने को मिला, जब युसा द्वारा लिए गए कार्नर पर चार प्रयासों के बाद भी मुम्बई की डिफेंस लाइन ने गोल नहीं होने दिया।
नॉर्थईस्ट के स्टार गोलकीपर सुब्रत पाल इस मैच से अनुपस्थित थे। वह बीते मैच में चोटिल हो गए थे और इसी कारण वह इस मैच में नहीं खेले। इसका नतीजा हुआ कि नार्थईस्ट को घर में शुरुआती दो जीत के बाद लगातार तीसरी हार मिली है।
dharmpath.com dharmpath