आईएसएल : पुणे को 1-0 से हरा सेमीफाइनल में पहुंचा चेन्नइयन

पुणे, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। चेन्नइयन एफसी ने भारतीय टीम के स्ट्राइकर जेजे लालपेख्लुआ द्वारा किए गए शानदार गोल की बदौलत शनिवार को बालेवाड़ी स्टेडियम में हुए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के 55वें मैच में मेजबान एफसी पुणे सिटी को 1-0 से हरा दिया।

चेन्नइयन ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए अंकतालिका में दूसरे स्थान पर छलांग लगा दी और सेमीफाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली।

चेन्नइयन को सेमीफाइनल में प्रवेश करने के लिए हालांकि यह मैच ड्रॉ भर कराना था और वे शुरू से इसी कोशिश में भी नजर आए।

लालपेख्लुआ ने मैच के 64वें मिनट में गोलपोस्ट के दाहिनी ओर से हमला किया। उनका पहला शॉट पुणे के एक डिफेंडर से टकराकर दोबार उनके पास आया जिस पर लालपेख्लुआ ने दोबारा गोल करने में कोई गलती नहीं की।

लीग चरण में चेन्नइयन का यह आखिरी मैच था और इस जीत के साथ चेन्नइयन के 14 मैचों में सात जीत से 22 अंक हो गए।

दूसरी ओर पिछले सात मैचों से जीत के लिए तरस रहे पुणे को लीग चरण के आखिरी मैच में भी जीत नसीब नहीं हुई। पुणे ने 14 मैचों में चार जीत से 15 अंक हासिल किए और आठ टीमों की अंकतालिका में सातवें स्थान के साथ आईएसएल के दूसरे संस्करण के अपने अभियान का समापन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493