आईएसएल : पुणे ने गोवा को उसी के घर में 2-1 से हराया

फातोर्दा (गोवा), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। एफसी पुणे सिटी ने शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सत्र के अपने दूसरे मैच में मेजबान एफसी गोवा को 2-1 से हरा दिया।

पुणे ने मोमोर नडोए द्वारा 90वें मिनट में किए गए बेहतरीन गोल की मदद से बीते साल के उपविजेता और मेजबान को मात दी।

नडोए ने यह गोल जोनाथन लुका के पास पर किया। लुका ने इससे पहले भी गोवा को परेशान किया था। वह 25वें मिनट में खुद एक गोल करने से चूक गए थे, लेकिन अंतिम पलों में अपने साथी को एक शानदार पास देकर लुका ने अपनी टीम को सफलता दिलाई। इस मैच से पुणे ने पूरे तीन अंक हासिल किए। गोवा को लगातार दूसरी हार मिली।

मैच का पहला गोल पुणे के अराता इजुमी ने 25वें मिनट में किया। लुका ने इसी मिनट में गोवा के गोलपोस्ट पर एक जोरदार हमला किया जिसे गोलकीपर ने बचा लिया। लुका ने एक बार फिर गेंद तक अपनी पहुंच बनाई और किक लगाया लेकिन इस बार गोलकीपर लक्ष्मीकांत काट्टीमनी ने उसे नकार दिया। गेंद काट्टीमनी के दस्तानों से टकराकर अराता इजुमी के पास गई, जो उस समय आनसाइड थे। अराता ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की।

एक गोल से पिछड़ने के बाद गोवा ने हमले तेज किए और 33वें मिनट में बराबरी का गोल किया। रफाएल कोएल्हो लुइज ने पुणे के डिफेंडर गौरमांगी सिंह और गोलकीपर एडेल बेटे को छकाकर एक बेहतरीन गोल किया। लुइज ने यह गोल जोफ्रे गोंजालेज मातेउ के पास पर किया।

पहला हाफ काफी रोचक रहा। दोनों टीमों की ऊर्जा कमाल की थी। हर टीम ने जबरदस्त टैकल दिखाए और अपने खाते में एक-एक गोल डाला। वैसे आपसी टकराव की भी इस हाफ में कमी नहीं रही क्योंकि इस दौरान चार पीले कार्ड दिखाए गए।

दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने बराबरी के हमले किए। गोवा ने 55वें मिनट में एक बेहतरीन मौका बनाया लेकिन उस पर गोल नहीं हो सका। जोफ्रे ने फुलगांको कोरदोजो के स्थान पर 46वें मिनट में मैदान में आए रोमियो फर्नाडेस को एक बेहतरीन पास दिया। उनके पास कोई खिलाड़ी नहीं था और उनके पास गोल करने का भी समय था लेकिन उन्होंने गेंद को बाहर मार बैठे। बेटे ने राहत की सांस ली।

इसके बदले पुणे ने अपने कप्तान मोहम्मद सिसोको की मदद से 61वें मिनट में एक मौका बनाया। सिसोका ने अनीबाल जुडरे को एक अच्छा पास दिया। जुडरे ने इसे गोल में धकेलने की कोशिश की लेकिन उनके इस प्रयास को राजू गायकवाड ने बेकार कर दिया। इसके बाद गेंद जोनाथन लुका के पास गई। लुका ने भी दूर से प्रयास किया लेकिन इसे काट्टीमनी ने रोक दिया।

दोनों टीमों का यह दूसरा मैच था। पहले मुकाबले में दोनों को हार मिली थी। गोवा को जहां नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने चार अक्टूबर को गुवाहाटी में हराया था वही पुणे को तीन अक्टूबर को अपने ही घर में मुम्बई सिटी एफसी के हाथों हार मिली थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493