कोच्ची, 8 नवंबर (आईएएनएस)। इंजुरी समय में सी. के. विनीत द्वारा किए गए गोल की बदौलत केरला ब्लास्टर्स ने मंगलवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में एफसी गोवा को 2-1 से हरा दिया।
विनीत हाल ही में खत्म हुए एएफसी कप-2016 के फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले फुटबाल क्लब बेंगलुरू सिटी एफसी का प्रतिनिधित्व करने के बाद केरल की टीम में लौटे हैं।
यह तीसरे सीजन में गोवा पर केरला की दूसरी जीत है। विनीत ने जब गोवा के खिलाफ विजयी गोल किया था, तब गोवा के सिर्फ आठ खिलाड़ी मैदान पर मौजूद थे।
मैच के 81वें मिनट से यह टीम आठ खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी और इंजुरी टाइम के चौथे मिनट में राजू गायकवाड़ को चोट लगने के बाद गोवा ने स्थानापन्न नहीं भेजा क्योंकि उसने अपने सारे मौका गंवा दिए थे।
गोवा ने नौवें मिनट में मैच का पहला गोल करते हुए केरला पर बढ़त ले ली थी, लेकिन इसके बाद किस्मत ने केरला का साथ दिया।
गोवा के खिलाड़ी कम होते गए और केरला उस पर हावी होता चला गया। इस जीत के साथ केरला आठ टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया। गोवा नौ मैचों के बाद सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।
मैच का पहला गोल एफसी गोवा के लिए राफेल कोएल्हो ने किया। कोएल्हो ने यह गोल रिचर्लसन बारबोसा फेलिसबेनो के पास पर किया। गोवा ने भी इस दौरान अपनी बढ़त को बनाए रखने की कोशिश जारी रखी। इसी प्रयास में पहले हाफ के अतिरिक्त समय में रोबिन सिंह को पीला कार्ड दिखाया गया।
दूसरे हाफ की शुरुआत नाटकीय अंदाज में हुई। 46वें मिनट में गोवा के ग्रेगरी अर्नोलिन को लाल कार्ड दिखाया गया। अब केरल के पास 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे गोवा पर दबाव बनाने का मौका था। मेजबान टीम ने अपने जुनूनी समर्थकों की बदौलत यह दबाव बनाने में सफलता हासिल की और 48वें मिनट में उसे एक पेनाल्टी मिली, जिस पर केरवेंस बेलफोर्ट ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
केरल को इस मैच में अपने मार्की खिलाड़ी एरॉन ह्यूज की कमी खली। केरल को हालांकि इस हाफ में कई मौके मिले लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सकी। 81वें मिनट में गोवा के लिए पहला गोल करने में अपने साथी की मदद करने वाले फेलिसबीनो को दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया जो लाल कार्ड में परिवर्तित हुआ।
दूसरे लाल कार्ड के साथ मैच की गर्मी बढ़ गई और इसी दौरान इस सीजन में केरल के लिए पहला मैच खेल रहे विनीत को 85वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया। विनीत ने 79वें मिनट में ही मैदान में प्रवेश किया था।
विनीत हालांकि इसके बाद अपनी टीम के लिए निर्णायक गोल करने में सफल रहे।
dharmpath.com dharmpath