पणजी, 25 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी एफसी गोवा ने गुरुवार को कहा कि क्लब आईएसएल की तीसरे संस्करण की सत्र पूर्व अभ्यास के लिए क्लब के मुख्य कोच जिको की रियो डी जनेरियो में स्थित फुटबाल अकादमी जिको-10 जाएगी।
ब्राजीलियाई क्लब फ्लामेंगो के दिग्गज खिलाड़ी जिको द्वारा स्थापित जिको-10 ब्राजील में फुटबाल का बड़ा ब्रांड बन चुका है, जिसके तहत अनेक अकादमियां और प्रशिक्षण केंद्र चल रहे हैं।
जिको बीते तीन संस्करण से लगातार गोवा के मुख्य कोच बने हुए हैं।
एफसी गोवा रियो में सत्र पूर्व अभ्यास के दौरान ब्राजील के कई क्लबों के साथ सत्र पूर्व दोस्ताना मैच भी खेलेगी।
आईएसएल-3 के लिए क्लब के लक्ष्य के संबंध में जिको ने कहा कि गोवा के लिए आईएसएल-3 पूर्व सत्रों से बेहतर साबित होगा।
जिको ने कहा, “हमने इस वर्ष कई अच्छे खिलाड़ियों के साथ करार किया है और रियो में सत्र पूर्व अभ्यास के दौरान हम टीम की तैयारी पर काम करते रहेंगे।”
जिको ने कहा, “टीम के लिए जरूरी है कि वे मैदान पर एकसाथ खेलें और आपस में अच्छी तरह घुलमिल जाएं। हम ब्राजील में ऐसा ही करेंगे। हम एक मजबूत टीम बनाने में जुटे हुए हैं और हमारा लक्ष्य इस बार खिताब जीतना होगा।”
dharmpath.com dharmpath