आईएसएल-4 : एटीके को हराकर मुम्बई प्लेऑफ की दौड़ में कायम

कोलकाता, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई सिटी एफसी ने रविवार को विवेकानंद युवा भारती क्रिडांगन में मेजबान एटीके को 2-1 से हराकर खुद को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा है।

इस जीत के बाद मुम्बई के कुल 20 अंक हो गए हैं। वह हालांकि अभी भी सातवें स्थान पर काबिज है लेकिन अगर उसने अपने बाकी के तीन मैच जीत लिए और उससे ऊपर काबिज दूसरी टीमों के बीच होने वाले मैचों के परिणाम अप्रत्याशित रहे तथा किस्मत ने कुछ हद तक उसका साथ दिया तो वह प्लेऑफ तक का सफर तय कर सकती है।

दूसरी ओर, एटीके की यह आठवीं हार है। उसका आगे का सफर पहले ही समाप्त हो चुका था। मुम्बई की टीम बीते पांच मैचों से अजेय है। मुम्बई ने अपने घर में एटीके के हाथों मिली हार का भी हिसाब बराबर कर लिया।

मैच का पहला गोल मार्सियो रोजारियो ने 32वें मिनट में किया लेकिन मेजबान टीम ने बिपिन सिंह द्वारा 47वें मिनट में किए गए गोल की मदद से बराबरी कर ली। इसके बाद राफा जोर्डा ने 53वें मिनट में गोल करते हुए मुम्बई को फिर आगे कर दिया और यह अंतर अंत तक बना रहा।

रविवार को ही चेन्नई में जमशेदपुर एफसी और चेन्नयन एफसी ने 1-1 से ड्रॉ खेला और इस मुकाबले ने मुम्बई की आगे जाने की उम्मीदें बढ़ा दीं हैं। इस ड्रॉ मुकाबले से हालांकि दो बार के उपविजेता केरला ब्लास्टर्स (24 अंक) और 2015 का फाइनल खेलने वाले एफसी गोवा (20) को भी फायदा हुआ है। केरला पांचवें और गोवा छठे स्थान पर है।

प्लेऑफ की आस में अपने आगे के सभी मैच जीतने की चुनौती का सामना कर रही मुम्बई को पहली सफलता 32वें मिनट में मिली। रोजारियो ने फ्रीकिक गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया। एटीके टीम अपने गोलकीपर सोराम पोइरेई के प्रयास से निराश होगी क्योंकि बॉक्स के ठीक बाहर से लिए गए शॉट पर गेंद उनकी आंखों के सामने से पोस्ट में घुस गई। घर में यह एटीके के खिलाफ 13वां और रोजारियो का इस लीग का पहला गोल था।

मेजबान टीम गोल की आस में दूसरे हाफ में उतरी और आते ही उसे सफलता मिल गई। बिपिन ने कोनोर थॉमस की मदद से गोल करते हुए एटीके को बराबरी पर ला दिया। कोरोन ने बॉक्स में पहुंचे बिपिन को एक थ्रू बाल दिया, जिसे उन्होंने बाएं पैर से पोस्ट में डालकर इस सीजन का दूसरा गोल किया।

मेहमान टीम को शायद मेजबानों का यह बराबरी गाल रास नही आया और उन्होंने 53वें मिनट में राफा जोर्डा द्वारा किए गए गोल की मदद से एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली। जोर्डा ने यह गोल संजू प्रधान की मदद से किया। एटीके ने अब तक कुल 20 गोल खाए हैं और इनमें से 14 दूसरे हाफ में हुए हैं।

मैच का तीसरा गोल होने के बाद दोनों टीमों ने कुछ अहम बदलाव किए लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। मुम्बई का काम जोर्डा के गोल से हो चुका था और अब वह अपने बाकी के मैच जीतते हुए प्लेऑफ तक जाने का प्रयास करेगी जबकि एटीके की सम्मान से चौथे सीजन को समाप्त करने की लड़ाई जारी रहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493