आईएसएल-4 : छेत्री के 2 गोल, मुम्बई को हराकर बेंगलुरू टॉप पर

मुम्बई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरू एफसी ने गुरुवार को मुम्बई फुटबाल एरेना में खेले गए एकतरफा मुकाबले में मेजबान मुम्बई सिटी एफसी को 3-1 से हराते हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की तालिका में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। विजेता टीम के लिए कप्तान सुनील छेत्री ने दो और मीकू ने एक गोल किया।

छेत्री ने 43वें तथा 52वें और मीकू ने 63वें) मिनट में गोल किए। मुम्बई के लिए एकमात्र गोल लियो कोस्टा ने 76वें मिनट में किया। इस जीत से मिले तीन अंकों के साथ बेंगलुरू के कुल 21 अंक हो गए हैं और वह 2015 के विजेता चेन्नयन एफसी (20) को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर पहुंच गया है।

मुम्बई की टीम इस मैच से पहले पांचवें स्थान पर थी और इसके बाद भी वहीं बनी रहेगी। बेंगलुरू की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है जबकि मुम्बई को इतने ही मैचो में पांचवीं हार मिली है। घर में यह उसकी लगातार दूसरी हार है।

चेन्नई से टॉप स्पॉट छीनने को आतुर बेंगलुरू ने लगातार हमले किए। उसने पहला बड़ा मौका 14वें मिनट में बनाया लेकिन वह बेकार चला गया। जवाब में एचेल इमाना ने 16वें मिनट में मुम्बई के लिए एक मूव बनाया और एक अच्छा शॉट काफी करीब से लिया लेकिन उसे बेंगलुरू के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह ने रोक दिया।

बेंगलुरू की टीम कहां पीछे रहने वाली थी। मीकू ने 18वें मिनट में मुम्बई के कप्तान लूसियान गोइयान को छकाते हुए बॉक्स में प्रवेश किया। गोल के सामने उनका लो-क्रास कप्तान छेत्री की ओर गया लेकिन वह काफी प्रयासों के बाद भी उस पर पैर नहीं लगा सके।

दोनों टीमों के बीच गेंद को पाने और गोलपोस्ट तक जाने का संघर्ष लगातार चलता रहा। इसी बीच 27वें मिनट में बेंगलुरू को गोल करने का एक अच्छा मौका मिला लेकिन वह हाथ से निकल गया।

इसके बाद मुम्बई ने एक अच्छा हमला 35वें मिनट में किया। एवर्टन सांतोस ने दाएं किनारे से बॉक्स में एक अच्छा क्रास दिया, जिस पर बलवंत ने तेजतर्रार हेडर लिया लेकिन गुरप्रीत सावधान थे और उन्होंने एक अच्छा बचाव करते हुए यह हमला बेकार कर दिया।

38वें मिनट में बलवंत को पीला कार्ड दिखाया गया। यह लाल कार्ड भी हो सकता था। बलवंत ने हरमनजोत खाबरा से गेंद छीनने के प्रयास में उनके चेहरे पर कोहली दे मारी। रेफरी ने उन पर रहम दिखाया और सिर्फ पीला कार्ड दिखाक छोड़ दिया। 41वें मिनट में पार्टालू को पीला कार्ड दिखाया गया।

बलवंत ने इस पीले कार्ड से कुछ नहीं सीखा और 42वें मिनट में गेंद के साथ बॉक्स में पहुंचे छेत्री को अपने पैरों से गिरा दिया। इस पर रेफरी ने रहम नहीं दिखाई और मुम्बई के खिलाफ पेनाल्टी दे दिया। छेत्री ने 43वें मिनट में इस पेनाल्टी पर गोल करते हुए बेंगलुरू को 1-0 से आगे कर दिया। पहले हाफ के बाद यही स्कोर रहा।

दूसरे हाफ की शुरुआत भी धमाकेदार रही। 50वें मिनट में मीकू ने बेंगलुरू के लिए एक बेहतरीन मूव बनाया। मीकू ने थियागो से गेंद छीनी और बाक्स में घुस गए। अब उनके सामने सिर्फ अमरिंदर थे। उन्होंने गेंद को गोलकीपर के ऊपर से उठाकर मारना चाहा लेकिन वह बाहर चली गई।

इसके दो मिनट बाद ही कप्तान छेत्री ने उदांता सिंह की मदद से एक और गोल करते हुए बेंगलुरू को 2-0 से आगे कर दिया। उदांता दाएं किनारे से मुम्बई के बॉक्स के करीब पहुंचे और फिर एक शानदार लो-क्रास पास बॉक्स में तेजी से घुस रहे छेत्री को दिया, जिस पर पैर लगाते हुए उन्होंने अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

इस गोल के बाद बेंगलुरू का मनोबल और बढ़ गया और उसने हमले तेज कर दिए। इसका फायदा उसे 63वें मिनट में उस समय मिला, जब गोल के लिए लगातार प्रयास कर रहे मीकू ने एक लो फ्रीकिक पर गोल करते हुए बेंगलुरू को 3-0 से आगे कर दिया।

मुम्बई ने हालांकि 76वें मिनट में लियो कोस्टा की मदद से गोल करते हुए अंतर को कम करने का प्रयास किया। कोस्टा ने यह गोल बलवंत के पास पर किया। स्थानापन्न के तौर पर मैदान में आए कोस्टा को बलवंत ने बॉक्स में एक ललचाने वाला पास दिया, जिस पर उन्होंने गुरप्रीत को छका दिया। इसके बाद मेजबान को हालांकि कोई और सफलता नहीं मिल सकी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493