बेंगलुरू, 25 जनवरी (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन से लीग में पदार्पण करने वाली बेंगलुरू की टीम अगले मैच में अपने घर में श्री कांतीरावा स्टेडियम में शुक्रवार को नार्थईस्ट युनाइटेड से भिड़ेगी जहां उसकी कोशिश 10 टीमों की अंकतालिका में पहला स्थान हासिल करने की होगी।
इससे पहले जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं तब बेंगलुरू ने नार्थईस्ट को 1-0 से मात दी थी। हालांकि गुवाहाटी में खेले गए उस मैच में जीत को हासिल करने के लिए बेंगलुरू को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। इस बार भी बेंगलुरू के कोच अल्बर्ट रोका को मेहमानों से पिछले मैच जैसे प्रदर्शन की उम्मीद है।
मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में रोका ने कहा, “हम हर मैच में एक निश्चित सावधानी के साथ जाते हैं, लेकिन इसके लिए हम अपनी मानसिकता के साथ समझौता नहीं करते। यह मैच भी हमारे लिए अलग नहीं होगा। टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ नार्थईस्ट ने आत्मविश्वास हासिल किया है और मैं इससे हैरान नहीं हूं।”
वहीं नार्थईस्ट ने चेन्नयन एफसी के खिलाफ खेले गए अपने पिछले मैच में 3-1 से जीत हासिल की थी। इस बार बेंगलुरू नार्थईस्ट को इस तरह की जीत हासिल करने से रोकना चाहेगा। इस समय पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच सिर्फ तीन अंकों का अंतर है। एफसी पुणे सिटी 22 अंकों के साथ पहले स्थान पर है तो वहीं एफसी गोवा 19 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
बेंगलुरू इस मैच में जीत के सिवाए कुछ नहीं चाहती। रोका ने कहा, “अंकतालिका में पहले शुरुआती पांच स्थान को देखकर लगता है कि मुकाबला कितना मुश्किल है। मैं कहूंगा हमें बाकी के बाचे सात मैचों में 21 अंक लेने होंगे।”
बेंगलुरू की टीम कल ही भूटान से लौट कर आई है। उसे अगले 14 दिनों में पांच मैच खेलने हैं। रोका ने कहा, “हमारे लिए कार्यक्रम काफी व्यस्त है, लेकिन इस स्थिति को हम नियंत्रण में नहीं कर सकते। हम उस दौर में हैं कि अगर हमें सेमीफाइनल में जगह बनानी हैं तो हर मैच हमारे लिए जरूरी है। मेरे पास वो टीम है जो जरूरत पड़ने पर कुछ भी कर सकती है।”
बेंगलुरू का दौरा नार्थईस्ट के नए मुख्य कोच अव्राम ग्रांट के लिए घर से बाहर पहला दौरा होगा। चेल्सी का यह पूर्व कोच इस बात को लेकर आश्वस्त है कि टीम बेंगलुरू के खिलाफ खेले गए पिछले मैच के प्रदर्शन को दोहरा सकती है।
ग्रांट ने कहा, “मैंने उन्हें टीवी पर देखा है। वह अच्छी टीम है। वह जिस तरह से खेलते हैं वो मुझे पसंद है। लेकिन हमने पिछले मैच में बताया था कि हमारी काबिलियत क्या है।”
नार्थईस्ट की टीम के इस समय नौ अंक हैं। अभी उसे आठ मैच और खेलने हैं। टीम के प्लेऑफ में जाने की संभावना के बारे में जब ग्रांट से पूछा गया तो उन्होंने कहा, “सीजन की शुरुआत में हमारा मकसद शीर्ष चार में पहुंचना था, लेकिन अब हम सिर्फ सही चीजें करना चाहते हैं। हम अब सिर्फ अगले मैच पर ध्यान देना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath