आईएसएल-4 : बेंगलुरू ने एटीके को 2-0 से दी मात

कोलकाता, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरू एफसी ने शनिवार को साल्ट लेक स्टेडियम में मेजबान एटीके को 2-0 से हराते हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की अंक तालिका में 27 अंकों के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

वहीं आईएसएल इतिहास में पहली बार लगातार चौथी हार को मजबूर दो बार के चैम्पियन के आगे के अभियान को करारा झटका लगा है।

मैच का पहला गोल बेशक बेंगलुरू के खाते में गया लेकिन यह गोल एटीके के सेंट्रल डिफेंडर की ओर से हुआ। यह गोल तीसरे मिनट में हुआ। इसके बाद 80 मिनट तक दोनों टीमों के बीच गेंद पर हावी रहने की जबरदस्त प्रतिस्पर्धा चली। इस दौरान एटीके कई बार बराबरी के गोल के करीब आई लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। उलटे सफलता 83वें मिनट में बेंगलुरू को मिली, जब मीकू ने गोल करते हुए अंतर को 2-0 कर दिया।

इस सीजन में घर में यह एटीके का छठा मुकाबला था। उसे सिर्फ एक में जीत मिली है। एक मैच बराबरी पर छूटा है जबकि चार मैचों में उसे हार मिली है। इस सीजन में बेंगलुरू की एटीके पर यह लगातार दूसरी जीत है। पहले चरण में बेंगलुरू ने अपने घर में मौजूदा चैम्पियन को 1-0 से हराया था। बेंगलुरू की यह 13 मैचों में नौवीं जीत है। एटीके की सातवीं हार है। वह आठवें स्थान पर ही बना हुआ है।

पहले हाफ की शुरुआत में ही एक नाटकीय घटनाक्रम हुआ। खेल शुरू होने की सीटी बजने के साथ ही तीसरे मिनट में मेजबान टीम को करारा झटका लगा। उसके सेंट्रल डिफेंडर जोर्डी मोंटेल ने आत्मघाती गोल करते हुए उसे 0-1 से पीछे कर दिया।

इसके बाद एटीके ने कई अच्छे मूव बनाए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। 16वें मिनट में जयेश राणे काफी करीब से गोल करने का मौका चूक गए।

मेहमान टीम ने पहला गोल अपने हक में आने के बाद अपने डिफेंस पर ध्यान दिया और एटीके के मिडफील्ड को उलझाए रखने का प्रयास किया। पहले हाफ में एटीके के लिए रायन टेलर ने काफी अच्छे प्रयास किए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। रायन ने 38वें मिनट में एक बहुत अच्छा प्रयास दूर से किया था लेकिन मेहमान गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू सावधान थे।

गोल की तलाश में एटीके ने 54वें मिनट में अपने सबसे बड़े स्टार रोबी कीन को मैदान पर उतारा। कीन ने आते ही 57वें मिनट में मार्टिन पैटरसन की मदद से एक अच्छा हमला मेहमान गोलपोस्ट पर बोला लेकिन संधू ने इस हमले को बेकार कर दिया।

69वें मिनट में बेंगलुरू के राहुल भेखे को पीला कार्ड दिखाया गया। भेखे को 63वें मिनट में भी पीला कार्ड मिला था। अब बेंगलुरू की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर थी और एटीके हर हाल में इसका फायदा उठाना चाहती थी।

भेखे ने हालांकि मैदान से बाहर जाते-जाते बेंगलुरू को एक बड़े खतरे से उबारा। बिपिन ने एक अच्छा पास बाक्स में भेजा। जयेश राणे अगर उस गेंद तक पहुंच जाते तो बेंगलुरू के लिए खतरा हो सकता था लेकिन भेखे ने स्लाइड करते हुए जयेश को ऐसा करने से रोका। रेफरी ने बिना देरी किए भेखे को पीला कार्ड दिखाया।

एटीके को जो फायदा मिलना चाहिए था, वह उठा नहीं पा रही थी। कारण बेंगलुरू का डिफेंस काफी सचेत हो गया था। एटीके को उम्मीद भी नहीं थी कि मीकू और एरिट पाटार्लू ने 83वें मिनट में एक अच्छा मूव बनाते हुए अपनी टीम को आगे कर दिया। अपनी टीम के खिलाफ पहला गोल करने वाली जोर्डी ने हालांकि गोल बचाने की भरपूर कोशिश की लेकिन आज उनका दिन नहीं था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493