आईएसएल-4 : विनीत के गोल से जीता केरला, पुणे को 2-1 से हराया

पुणे, 2 फरवरी (आईएएनएस)। स्टार फारवर्ड सीके विनीत द्वारा मैच के अतिरिक्त मिनट में किए गए गोल के दम पर केरला ब्लास्टर्स ने शुक्रवार को एफसी पुणे सिटी को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में उसके घर में ही 2-1 से हरा दिया।

श्री छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एक समय मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म होता दिखाई दे रहा था लेकिन विनीत ने मौजूदा उप-विजेता को आखिरकार अहम जीत दिला दी।

दूसरे हाफ में रोमांचक हुए इस मैच में अपने पांचवें जीत के लिए प्रयासरत केरला ने 58वें मिनट में जैकीचंद सिंह द्वारा किए गए गोल की मदद से बढ़त हासिल की थी और उसे काफी समय तक कायम भी रखा था लेकिन शुभाशीष रॉय की गलती उस पर भारी पड़ी और 78वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल करते हुए एमिलियानो अल्फारो ने पुणे को बराबरी पर ला दिया। इस गोल के बाद मैच का बराबरी पर समाप्त होना लगभग तय माना जा रहा था लेकिन इसी बीच विनीत ने 93वें मिनट में एक बेहतरीन गोल की मदद से केरला की जीत तय कर दी।

केरला की टीम इस मैच के बाद 20 अंकों के साथ अंकों के साथ दो पायदान ऊपर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है जबकि पुणे 22 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर ही बना हुआ है। चेन्नइयन एफसी के 23 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। बेंगलुरू एफसी 24 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। इस मैच में जीत पुणे को टॉप पर पहुंचा सकती थी लेकिन ऐसा हो न सका। दूसरी ओर, केरल ने इस जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है।

दोनों टीमों ने शुरू से ही आक्रामक रवैया दिखाया। शुरुआत में ही दोनों के हाथ कुछ मौके आए लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सकीं। 21वें मिनट में पुणे के पास आगे निकलने का सबसे बड़ा मौका था। उसे फ्री किक मिली जिसे मार्सेलिंहो ने लिया और अल्फारो के पास पहुंचाई। अल्फारो ने गोल पोस्ट पर निशाना साधा लेकिन शुभाशीष एक बार फिर उसे रोकने में कामयाब रहे।

30वें मिनट में मेहमानों ने लगभग गोल कर ही दिया था। जैकीचंद सिंह ने ह्यूम को क्रॉस दिया जिन्होंने अपने सिर के जरिए उसे नेट में डालना चाहा। वह हालांकि इस प्रयास में असफल रहे।

पहला हाफ खत्म होते-होते दोनों टीमों के पास एक-एक और मौका आया। 41वें मिनट में अल्फारो ने एक बेहद आसान सा मौका गंवा दिया। अगले ही मिनट ह्यूम ने भी मौका गंवा दिया। उन्होंने जैकीचंद को गेंद पास दी जिसे विशाल कैथ ने क्लीयर कर दिया। इस दौरान ह्यूम अपना घुटना चोटिल करा बैठे। ह्यूम के स्थान पर गुडजोन बाल्डविंसन मैदान पर उतरे।

पुणे के तमाम प्रयासों के बाद मैच का पहला गोल मेहमान टीम ने किया। उसके लिए यह गोल जैकीचंद ने पदार्पण कर रहे गुडजोन की मदद से 58वें मिनट में किया। गुडजोन ने बॉक्स के कोने पर जैकीचंद को गेंद दी जिन्होंने उसे सीधे नेट में डाल मेहमान टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

पुणे ने हार नहीं मानी और अपने प्रयास जारी रखे। 77वें मिनट में उसकी भी किस्मत रंग लाई जब गेंद लेकर बॉक्स में पहुंचे अल्फारो को गोलकीपर शुभाशीष ने गिरा दिया जिस पर रेफरी ने पुणे के हिस्से पेनाल्टी दी और 78वें मिनट में इस पेनाल्टी को गोल में बदल कर अल्फारो ने अपनी टीम की बराबरी कर दी।

लग रहा था कि मैच 1-1 की बराबरी पर ही खत्म होगा लेकिन अतिरिक्त मिनट में विनीत ने करेज पेकुसन के पास पर गोल करते हुए अपनी टीम की जीत दिलाई। 93वें मिनट में पेकुसन ने विनीत को लंबा पास दिया जिस पर विनीत ने अपना समय लेते हुए उसे सीधे नेट की दिशा दिखाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493