आईएसएल-5 : आज घर में पहली जीत दर्ज करने उतरेगा हाईलैंडर्स

गुवाहाटी, 23 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी का अब तक का सफर शानदार रहा है। इस टीम ने छह मैचों से 11 अंक जुटाए हैं और अभी वह तालिका में पांचवें स्थान पर है।

इस टीम के हाथ में एक मैच है और इसे जीतकर वह तालिका में अपनी स्थिति बेहतर कर सकती है। हाईलैंडर्स नाम से मशहूर इस टीम की एक समस्या है। इस टीम ने इस सीजन में अब तक तीन मैच जीते हैं और सभी जीत घर से बाहर मिली है। अब जबकि उसका सामना आज केरला ब्लास्टर्स के साथ होना है, यह टीम अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने घर में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी।

अब नॉर्थईस्ट को जीत मिलेगी या नहीं, काफी हद तक बाथोलोर्मेव ओग्बेचे पर निर्भर करेगा, जो इस सीजन में इस टीम द्वारा किए गए कुल गोलों की संख्या का आधा हिस्सा बांट रहे हैं। जिस मैच में ओग्बेचे ने गोल किया है, हाईलैंडर्स को जीत मिली है।

कोच एल्को स्काटोरी को डिफेंडर मिस्लाव कोमोरस्की की वापसी से बल मिला है। एल्को ने स्वीकार किया है कि इस सीजन में उनके एक विदेशी खिलाड़ी को गंभीर चोट लगी है और इस कारण वह सीजन से बाहर हो गया है।

स्काटोरी ने कहा, “हमारा एक विदेशी खिलाड़ी चोटिल है और वह शायद इस सीजन में नहीं खेल पाए। हम उसका नाम नहीं बताएंगे, क्योंकि इससे विपक्षी टीमों को फायदा मिल सकता है। ओग्बेचे को भी चोट थी लेकिन वह वापसी कर चुके हैं। हमारे कुछ भारतीय खिलाड़ी भी चोटिल हैं लेकिन फुटबाल में ऐसा होता है।”

ब्लास्टर्स की हालत कुछ अच्छी नहीं है। अपने पहले मैच में एटीके पर जीत के बाद इस टीम को अब तक जीत नहीं मिल सकी है। कोच डेविड जेम्स को टीम को आगे ले जाने में दिक्कत हुई है और यह टीम अपने घर में बेंगलुरू एफसी तथा एफसी गोवा के हाथों हार के बाद गुवाहाटी पहुंची है।

हर सीजन की तरह इस सीजन में भी केरल की टीम को गोल करने में परेशानी हुई है। इस टीम ने गोल करने के अधिक मौके नहीं बनाए हैं। इससे जेम्स को रणनीति बनाने में काफी दिक्कत आ रही है।

जेम्स ने कहा, “गोवा के साथ हुए मैच को छोड़ दें तो बाकी टीमों के खिलाफ हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है। गोवा की टीम काफी अच्छी है। आपको यह मानना होता है कि कुछ टीमें आपसे अच्छी हैं। बाकी के छह मैचों में (बेंगलुरू को लेकर) हमने अच्छा खेल दिखाया है। क्वालीफाई करना चाहते हैं और आईएसएल जीतना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य अगले मैच से तीन अंक हासिल करना होगा।”

अगर जेम्स को मेजबान टीम के खिलाफ अखिल भारतीय डिफेंस लाइनअप चुनना पड़ता है तो अनस इदाथोदिका को इसकी अगुवाई करनी होगी, क्योंकि ओग्बेचे और फेडरिको गालेगो काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493