आईएसएल-5 : आज बेंगलुरू और मुंबई होंगे आमने-सामने

बेंगलुरू, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में आज बेंगलुरू एफसी का सामना यहां कांतिरावा स्टेडियम में मुंबई सिटी एफसी से होगा।

बेंगलुरू इस सीजन में अभी तक अपराजित रही है और लीग की सर्वश्रेष्ठ टीम बनी है तो वहीं मुंबई सिटी एफसी की कहानी भी कुछ कम रोचक नहीं है।

मुंबई को एफसी गोवा ने अपने घर फातोर्दा में 5-0 से हराया था, लेकिन उसके बाद मुंबई ने अपने खेल में गजब का सुधार किया है। बीते छह मैचों से वह अजेय है जिसमें से पांच में उसे जीत मिली है तो वहीं एक मैच ड्रॉ रहा है। अपने इस प्रदर्शन के दम पर वह दूसरे स्थान पर आ गई है।

मुंबई इस मैच में पहले स्थान पर नजरें लेकर उतरेगा तो वहीं मेजबान तीन अंक लेकर शीर्ष स्थान पर अपने आप को और मजबूत करना चाहेगा।

बेंगलुरू के खिलाफ होने वाला यह मैच मुंबई के लिए यह किसी तरह से आसान नहीं होगा। वह लीग में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है। अगर बेंगलुरू हार को टालने में सफल रही तो इस सीजन में पहली ऐसी टीम बन जाएगी जिसने सभी टीमों का सामना किया फिर भी हार नहीं देखी। यह रिकार्ड मेजबान के लिए एक अलग उपलब्धि होगा।

वेनेजुएला के रहने वाले मिकू के बिना हालांकि बेंगलुरू के लिए गोल करना आसान नहीं रहा है, लेकिन कप्तान सुनील छेत्री और उदांता सिंह ने जिम्मेदारी को संभाला है। भूटान के फॉरवर्ड चेंचो गेल्टशेन ने भी अपनी छाप छोड़ी है।

उन्होंने नार्थईस्ट के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में गोल कर बेंगलुरू को बराबरी पर ला दिया था और उन्हीं के गोल के दम पर बेंगलुरू मैच ड्रॉ कराने में सफल रही थी।

बेंगलुरू ने मैच के 75वें मिनट के बाद अभी तक छह गोल किए हैं। यह उनके अटैक की ताकत को दशार्ता है। दिल्ली डायनामोज और एफसी पुणे सिटी के खिलाफ भी बेंगलुरू ने अंत में गोल कर मैच का रूख बदला है।

यह जोयनेर लोरेंसो के लिए एक तरह से वापसी वाला मैच होगा। पिछले सीजन में वह टीम में जगह नहीं बना सके थे, लेकिन इस साल टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। जब से वह क्लब के साथ आए हैं टीम ने बीते छह में से पांच में जीत हासिल की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493