जमशेदपुर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में गुरुवार को खेले गए मैच में जमशेदपुर एफसी के हाथों एफसी गोवा को 4-1 से करारी हार के बाद गोवा के कोच सर्गियो लोबेरा ने क्लब के प्रशंसकों के माफी मांगी है।
गोवा को लीग के पांचवें सीजन में पहली हार मिली। मेजबान टीम के लिए इस मैच में माइकल सुसाइराज ने दो गोल किए जबकि मेमो तथा सुमित पासी ने एक-एक गोल करते हुए गोवा को करारी मात दी।
मैच के बाद गोवा के कोच माफी के मूड में दिखे और इस बात पर गम्भीरता से विचार करने की बात कही कि आखिरकार शानदार फार्म में चल रही उनकी टीम को इतनी करारी हार कैसे मिली।
लोबेरा ने कहा, “मैं जमशेदपुर एफसी को बधाई देना चाहता हूं क्योंकि वह टीम हर विभाग में हमसे अच्छा खेली। मैं इस हार के लिए अपने प्रशंसकों से माफी मांगता हूं। हमारे लिए यह अच्छा मैच नहीं था। हमारे प्रशंसक इस तरह के मैच की उम्मीद नहीं कर रहे थे।”
लोबेरा ने कहा कि 2017 में टीम की जिम्मेदारी सम्भालने के बाद से उन्हें अब तक की सबसे करारी हार मिली है।
कोच ने कहा, “यह सम्भवत: मेरी कोचिंग में गोवा की अब तक का सबसे बुरी हार है। हमें कठिन मेहनत करनी होगा और सुधार करना होगा।”
इस मैच में गोवा के स्टार स्ट्राइकर फेरान कोरोमिनास नहीं खेले थे। एफसी पुणे सिटी के साथ हुए पिछले मुकाबले के अंतिम पलों में कोरोमिनास को लाल कार्ड मिला था और इस कारण वह एक मैच के लिए निलम्बित थे।
कोरो की गैरमौजूदगी में लोबेरा ने आक्रमण पंक्ति की नाकामी की जिम्मेदारी स्वीकार की।
लोबेरा ने कहा, “यह मेरी जिम्मेदारी है कि मेरे खिलाड़ी अच्छा नहीं खेले। मैं यह नहीं कह सकता कि हमें एक खिलाड़ी (कोरो) की कमी खली। कुल मिलाकर टीम ने अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं किया।”
गोवा अगर यह मैच जीत जाती तो वह 10 टीमों की अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाती, लेकिन हार से वह दूसरे स्थान पर ही रह गई।
dharmpath.com dharmpath