आईएसएल-5 : गोवा से बदला लेना चाहेगी मुंबई (प्रीव्यू)

मुंबई, 31 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई सिटी एफसी शुक्रवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में मुंबई फुटबाल एरेना में एफसी गोवा के सामने मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश पहले चरण में मिली हार का बदला लेने की होगी।

मेजबान टीम 13 मैचों में 27 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि एफसी गोवा उससे छह अंक पीछे है।

यह मैच टॉप-4 की रेस के लिए काफी अहम है। मुंबई अगर इस मैच में जीत हासिल कर लेती है तो उसके 30 अंक हो जाएंगे। वहीं गोवा जानती है कि अगर वह इस मैच में मात खाती है तो जमशेदपुर एफसी और एटीके को फायदा होगा।

पिछली बार जब दोनों टीमें भिड़ी थीं तो गोवा ने 5-0 से जीत हासिल की थी। हालांकि, मुंबई इस समय बदली हुई टीम है। कोच जॉर्ज कोस्ट टीम में शुभाशीष बोस को लेकर आए हैं। वह लैफ्ट बैक पोजीशन पर खेलेंगे।

मुंबई बीते नौ मैचों से अपराजित है और उसने अपने इस सफर में बेंगलुरू एफसी जैसी टीम को सीजन की पहली हार सौंपी है।

मुंबई के कोच कोस्टा ने कहा, “गोवा के खिलाफ पिछला मैच हमारे लिए काफी बुरा रहा था और उसका परिणाम भी काफी बुरा था। उस मैच के बाद चीजें काफी बेहतर हो गई हैं। हमने किसी तरह के विशेष बदलाव नहीं किए हैं। कल हमारे लिए अलग मैच है। मैं नहीं जानता कि अंतिम परिणाम क्या होगा, लेकिन निश्चित तौर पर पिछले मैच की तरह नहीं होगा।”

उन्होंने कहा, “हमारा खेलने का अपना तरीका है और उनका अलग। वह अच्छी टीम है और इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। वह जानते है कि गेंद को किस तरह अपने पास रखना है। लेकिन हम भी जानते हैं कि हमें क्या करना है।”

फ्लैंक में आर्नल्ड इसोको खतरा हैं। वह अपने खेल से लगातार विपक्षी टीम को परेशान करते आ रहे हैं। मोडोउ साउगोउ को पिछले मैच में मांसपेशियों में तकलीफ के कारण स्बस्टीट्यूड खिलाड़ी के तौर पर उतारा गया था। अब देखना होगा कि क्या गोवा के खिलाफ मैच में वह खेलते हैं या नहीं।

मुंबई सिटी अटैक में खतरनाक है तो एफसी गोवा विंग्स पर शानदार खेल खेल रही है। एफसी गोवा ने इस सीजन 27 गोल किए हैं जिसमें से 12 गोल क्रॉस पर किए हैं।

एफसी गोवा के सहायक कोच जीसस टाटो ने कहा, “मुंबई की टीम शानदार लय में हैं और उन्होंने अच्छी वापसी की है। इस समय वो अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने लीग की शीर्ष टीम बेंगलुरू एफसी को मात दी है। इसलिए अगर हम अपना 100 फीसदी नहीं देंगे तो यह हमारे लिए मुश्किल होगा।”

मुंबई का डिफेंस मजबूत है तो वहीं गोवा का अटैक भी दमदार है। मुंबई ने इस सीजन सात क्लीनशीट रखे हैं, लेकिन गोवा का अटैक उनकी परीक्षा ले सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493