आईएसएल-5 : जमशेदपुर ने हाईलैंर्डस को बराबरी पर रोका

गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। फारुख चौधरी द्वारा दूसरे हाफ की शुरुआत में किए गए शानदार गोल की बदौलत जमशेदपुर एफसी ने गुरुवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के अपने चौथे मुकाबले में मेजबान नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। नार्थईस्ट युनाइटेड की टीम हाफ टाइम के बाद से 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी।

दोनों टीमों का यह चौथा मैच था। इस ड्रॉ से मिले एक अंक की बदौलत हाईलैंर्डस नाम से मशहूर मेजबान टीम 10 टीमों की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। एफसी गोवा सात अंकों और बेहतर गोल अंतर के कारण दूसरे स्थान पर है। बेंगलुरू एफसी के भी सात अंक हैं। जमशेदपुर छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।

मैच का पहला गोल 20वें मिनट में मेजबान कप्तान बाथोलोमेव ओग्बेचे ने किया। पहली बार आईएसएल में खेल रहे ओग्बेचे का यह पांचवां गोल है। चेन्नइयन एफसी के खिलाफ सीजन की पहली हैट्रिक लगाने वाले ओग्बेचे अपनी टीम को आगे करके फिर से खुश थे लेकिन 49वें मिनट में चौधरी ने पाब्लो मोगार्ड की मदद से गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने सावधान शुरुआत की। काफी रस्साकशी के बाद 13वें मिनट में पहला शॉट गोल की ओर गया और यह प्रयास नार्थईस्ट के फेडरिको गालेघो ने किया। उनका यह प्रयास नाकाम गया लेकिन 20वें मिनट में ओग्बेचे ने गोल कर मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल में गालेघो का योगदान रहा। उनके ही पास पर ओग्बेचे ने यह गोल किया।

मैच के 42वें मिनट में जमशेदपुर को बराबरी करने के दो मौके मिले लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। इंजुरी टाइम में मेहमान गोलकीपर सुब्रत पॉल ने रिजीम त्लांग का एक शानदार प्रयास विफल कर दिया। तीन मिनट के इंजुरी टाइम में मेजबान टीम के मिस्लाव कोमोस्र्की को काल्वो को कोहनी से मारने के कारण लाल कार्ड मिला।

अब मेजबान टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर थी। जमशेदपुर ने इसका फायदा 49वें मिनट में उठाया और बराबरी का गोल कर दिया। उसके लिए यह गोल फारुख ने किया और इस गोल में उनकी मदद मोगार्ड ने की। यह गोल मेजबान टीम के डिफेंडरों की नाकामी का नतीजा था। मोगार्ड ने जब गेंद अपने कब्जे में लेकर बॉक्स के अंदर चौधरी के लिए क्रास पास दिया, उससे पहले बाएं किनारे से आए एक लम्बे पास को मेजबान टीम के डिफेंडर क्लीयर नहीं कर सके थे।

जमशेदपुर ने 58वें मिनट में भी एक अच्छा मौका बनाया लेकिन पवन कुमार ने उसे बेकार कर दिया। 71वें मिनट में त्लांग चोटिल हुए और उन्हें बाहर किया गया। इसी मिनट में जमशेदपुर ने अपने करिश्माई खिलाड़ी टिम काहिल को अंदर किया।

काहिल ने आते ही मेमो की मदद से 75वें मिनट में जोरदार हमला किया लेकिन पवन ने उसे नाकाम कर दिया। पवन ने 79वें मिनट में एक और अच्छा बचाव किया लेकिन वह चोटिल हो गए। इंजुरी टाइम में मारियो अक्र्वेस ने डिफ्लेक्शन पर जमशेदपुर को जीत दिलाने वाला गोल लगभग कर दिया था। मेजबान टीम के डिफेंडरों की मुस्तैदी से वह नाकाम हो गए। इस तरह मेहमान टीम जीतते-जीतते रह गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493