आईएसएल-5 : जीत की पटरी पर लौटना चाहेगा गोवा (प्रीव्यू)

गोवा, 7 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के पिछले मैच में जमशेदपुर एफसी से 1-4 से करारी मात खाने के बाद एफसी गोवा के कोच सर्गियो लोबेरा गुरुवार को दिल्ली डायनामोज के खिलाफ जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले मैच में अपनी टीम से जीत की राह पर वापसी की ख्वाहिश लगाए हुए हैं।

जमशेदपुर के खिलाफ हार ने गोवा के अजेय क्रम को रोक दिया। मैच के बाद लोबेरा ने भी माना था कि उनके कोच रहते हुए यह टीम का सबसे खराब प्रदर्शन है। टीम खेल के हर विभाग में दोयम दर्जे की साबित हुई थी।

स्पेन के रहने वाले लोबेरा ने मैच के बाद कहा था, “मेरे कोच रहते हुए यह गोवा की शायद सबसे बुरी हार है। हमें मेहनत करनी है और सुधार करना होगा।”

स्पेनिश कोच को हालांकि इस बात से खुशी होगी कि उनकी टीम अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने खेल रही हैं जहां इस सीजन उनका रिकार्ड 100 फीसदी है।

गोवा के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उसके स्टार खिलाड़ी फेरान कोरोमिनास एक मैच के प्रतिबंध के बाद वापसी करने के लिए तैयार हैं। उनके रहने से टीम को मजबूती मिलेगी। कोरोमिनास ने इस सीजन में अभी तक मैदान पर 350 मिनट बिताए हैं जिसमें छह गोल दागे हैं और चार गोल में असिस्ट किया है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या लोबेरा अहम स्थानों के मुख्य खिलाड़ियों में बदलाव करते हैं, खासकर तब जब ब्रेंडन फर्नाडेज पूरी तरह से फिट हैं।

दिल्ली के खिलाफ रोमियो फर्नाडेज पर वापसी करते देखे जा सकते हैं। पिछले साल जिको के मार्गदर्शन में इस विंगर ने शानदार प्रदर्शन किया था।

वहीं दिल्ली के कोच जोसेफ गोम्बाउ जमशेदपुर एफसी के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में आखिरी 15 मिनट में अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश होंगे जहां टीम ने दो गोल किए थे। उन्होंने अल्बिनो गोमेज को हाफ टाइम के बाद मैदान पर उतारने का जोखिम उठाया था। साथ ही मैदान पर ज्यादा से ज्यादा विदेशी खिलाड़ियों को मौका दिया था।

गोम्बाउ ने कहा, “हमें लड़ने की जरूरत है और शीर्ष-4 में जगह बनाने की कोशिश करनी है। हमें छह अंक हासिल करने हैं जो सिर्फ दो मैचों की बात है। हमें आगे देखते हुए मेहनत करने की जरूरत है।”

इस सीजन के सात मैचों में दिल्ली की टीम अपनी सर्वश्रेष्ठ फुटबाल नहीं खेल पाई है। गोम्बाउ को उम्मीद है कि वह आठवीं बार भाग्यशाली रहेंगे। लीग टेबल में चार स्थान नीचे आने के बाद गुरुवार को जीत गोवा को पहले स्थान पर पहुंचा देगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493