आईएसएल-5 : मुंबई को उसके घर में चुनौती देने तैयार हैं बेंगलुरू (प्रीव्यू)

मुंबई, 26 जनवरी (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन अभी तक अपराजित रहने वाली बेंगलुरू एफसी रविवार को इस सीजन की एक और मजबूत टीम मुंबई सिटी एफसी से उसके घरेलू मैदान मुंबई फुटबाल एरेना में दो-दो हाथ करने उतरेगी।

बेंगलुरू अपने अपराजित क्रम को जारी रखने की कोशिश करेगी तो मुंबई का ख्वाहिश मेहमान टीम को पहली हार सौंपने की होगी।

पिछले महीन हुआ दोनों टीमों का मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ था। मुंबई के कोच जॉर्ज कोस्ट इस बात से खुश हैं कि आईएसएल में ब्रेक मिला और वह अब एक बार फिर विजयी शुरुआत करने को तैयार हैं।

पुर्तगाल के रहने वाले कोच कोस्टा ने कहा, “मैं ब्रेक का आदि हूं और मुझे यह पसंद है। अपने खेल के बारे में विचार करना हमेशा से अच्छा रहता है। खिलाड़ियों के लिए भी यह अच्छा रहता है कि उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर आराम मिले। मैं जानता हूं कि हम अच्छी लय में थे, लेकिन मैंने और खिलाड़ियों ने आराम किया और अपने परिवार के साथ समय बिताया।”

मुंबई की टीम को इस मैच में डिफेंडर जोयनेर लोरेंसो की सेवाएं नहीं मिलेंगी। वह केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में चोटिल हो गए थे। उनके कवर के तौर पर कोच ने जमशेदपुर एफसी से संजय बालमुचु को इस सीजन के अंत तक लोन पर अपने साथ जोड़ा है।

कोस्टा अपने विदेशी खिलाड़ियों पर ज्यादा निर्भर रहेंगे। अटैक में माउडोउ सोउगोउ, राफेल बास्तोस और आर्नल्ड इस्सोको ने शानदार प्रदर्शन किया है। साउगोउ खासकर शानदार फॉर्म में हैं। वह अब तक नौ गोल कर चुके हैं।

एक मैच के प्रतिबंध के बाद सेहनाज सिंह वापसी को तैयार हैं, लेकिन कोस्टा उन्हें शुरुआती टीम में जगह दें इस बात की संभावना कम ही है। कोस्टा मिडफील्ड में पाउलो माचाडो के साथ रायनेर फर्नाडेज और मिलान सिंह पर निर्भर रहेंगे।

मुंबई की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। उसके 12 मैचों में 24 अंक हैं। मुंबई को ब्रेक के बाद सर्तक रहने की जरूरत है क्योंकि उसके अगले छह मैच उन टीमों से हैं जो प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से हैं। कोच इस बात को जानते हैं और उन्होंने टीम के खिलाड़ियों को इसे लेकर सतर्क कर दिया होगा।

वहीं बेंगलुरू की बात की जाए तो वह अभी तक अजेय है। वह लगातार 11 मैचों तक अपराजित है।

बेंगलुरू के कोच कार्लस कुआड्राट ने कहा, “अपराजित रहना अच्छी बात है, लेकिन हमारा मुख्य लक्ष्य जल्द से जल्द प्लेऑफ में जगह बनाना है। लंबे ब्रेक से हम पर असर पड़ेगा या नहीं यह वक्त ही बताएगा। हम काफी मेहनत कर रहे हैं और उम्मीद है कि देर तक हम अपने अपराजित क्रम को बनाए रखेंगे।”

बेंगलुरू के लिए अच्छी बात यह है कि उसके स्टार स्ट्राइकर मीकू वापस आ गए हैं। नीशू कुमार हालांकि अभी भी चोट से पूरी तरह से उबरे नहीं हैं और हो सकता है कि वह मैच के लिए भी उपलब्ध न हों।

बेंगलुरू का डिफेंस इस लीग में सबसे तगड़ा है। उसने सिर्फ आठ गोल खाए हैं। यह मुंबई के अटैक के लिए चिंता का विषय होगा। हालांकि मुंबई उन तीन टीमों में से एक है जो बेंगलुरू से हारी नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493