म्यूनिख, 25 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारत की दिग्गज महिला निशानेबाज हीना सिद्धू यहां जारी आईएसएएसएफ विश्व कप में अपना अच्छा प्रदर्शन जारी नहीं रख सकीं और शुक्रवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा की पदक दौड़ से बाहर हो गईं।
हीना इस स्पर्धा के फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाईं। उन्हें क्वालीफिकेशन दौर में 34वां स्थान हासिल हुआ।
इस स्पर्धा में हीना के अलावा भारत की एक अन्य निशानेबाज राही सारनोबात और अनु राज सिंह ने भी हिस्सा लिया और वह भी फाइनल में कदम नहीं रख पाईं। राही को क्वालीफिकेशन में 30वां और अनु को 48वां स्थान हासिल हुआ था।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में क्वालीफिकेशन दौर में शीर्ष-8 स्थान करने वाली निशानेबाजों ने जगह बनाई और इनमें सिद्धू अपनी जगह नहीं बना पाईं।
सिद्धू ने क्वालीफिकेशन में प्रीसीशन में कुल 290 और रेपिड फायर में 286 अंक हासिल हुए। उन्हें कुल 576 अंक मिले। राही ने प्रीसीशन में कुल 282 और रैपिड में 295 अंक लिए। उन्होंने कुल 577 अंक हासिल किए।
अनु ने प्रीसीशन में कुल 287 और रैपिड में 285 अंक लेते हुए कुल 572 अंक हासिल किए।
इस स्पर्धा में ऑस्ट्रिया की सेल्विया स्टीनिएर ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं यूक्रेन की ओलीना कोस्टेविक को दूसरा और फ्रांस की सेलीने गोबेरविले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
dharmpath.com dharmpath