आईएस के खिलाफ एकजुटता का संयुक्त राष्ट्र का आह्वान

लंदन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ दुनिया को एकजुट होने का आह्वान किया है।

समाचार पत्र इंडिपेंडेंट द्वारा शनिवार को जारी रपट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र ने आईएस को परास्त करने के लिए दुनिया की एकजुटता का आह्वान करने वाले एक प्रस्ताव को आमसहमति से पारित किया है। संयुक्त राष्ट्र ने सदस्य देशों से आह्वान किया है कि वे इराक और सीरिया में आईएस के सुरक्षित ठिकानों को समाप्त करने और संगठन की आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अपने प्रयासों को समन्वित करें।

प्रस्ताव में राष्ट्रों का आह्वान किया गया है कि आईएस द्वारा जारी आतंकवादी गतिविधियों को कुचलने और रोकने के अपने प्रयासों को दोगुना और समन्वित करने के लिए क्षमतानुसार सभी आवश्यक कदम उठाएं। प्रस्ताव में आईएस के आतंकवादियों को अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए एक वैश्विक और अभूतपूर्व खतरा बताया गया है।

प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र के अध्याय-7 को लागू नहीं किया गया है, जो खासतौर से किसी संप्रभु देश की सीमा के अंदर बाहरी सैन्य बल के इस्तेमाल का अधिकार देता है। यह स्पष्ट तौर पर इस तरीके से तैयार किया गया है कि देशों को आईएस को निशाना बनाने और इसे समाप्त करने के लिए अतिरिक्त राजनयिक और राजनीतिक संरक्षण प्रदान करता है।

संयुक्त राष्ट्र ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब पेरिस के बाद माली में हुए एक अन्य आतंकवादी हमले को दुनिया ने देखा है। यहां इस्लामी आतंकवादियों ने राजधानी बमाको में स्थित एक होटल पर धावा बोला और संक्षिप्त समय के लिए 170 लोगों को बंधक बना लिया। बंधकों में चीन, फ्रांस और अमेरिका के नागरिक शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493