आईएस के खिलाफ युद्ध के समर्थन में इराकी नेताओं से मिले गुटेरेस

बगदाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गुरुवार को बगदाद का दौरा किया और शीर्ष इराकी अधिकारियों से मिलकर आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ लड़ाई में इराक का समर्थन किया।

मोसुल में भीषण युद्ध की वजह से इराक को वर्तमान में मानवीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।

अपनी यात्रा के दौरान गुटेरेस ने इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी के साथ मुलाकात की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, दोनों नेताओं ने मानवीय हालात और नागरिकों की सुरक्षा की समीक्षा की। इराकी बल पश्चिम में मोसुल पर फिर से नियंत्रण के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।

अबादी ने कहा, “इराकी लोगों ने आतंकवाद को हराने और आईएस आतंकियों को खदेड़ने की अपनी क्षमता को सिद्ध कर दिया है। हम मोसुल को स्वतंत्र कराने के अंतिम चरण में हैं और हमारा बल नागरिकों की रक्षा के लिए पूरा प्रयास कर रहा है।”

अबादी ने आईएस आतंकवादियों पर जान बूझकर नागरिकों को मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल करने और इराकी बलों व अंतर्राष्ट्रीय विमानों द्वारा नागरिकों को हताहत किए जाने की अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया।

गुटेरेस ने इराक के अपने क्षेत्र को आईएस आतंकियों से मुक्त कराने के प्रयास को समर्थन दिया। उन्होंने कहा, “हमारी इराक की यात्रा इस ऐतिहासिक क्षण में एकजुटता दिखाने के लिए है और हम मोसुल को आजाद कराने और जल्द सामान्य जीवन की वापसी की उम्मीद करते हैं।”

गुटेरेस ने यह भी कहा कि वह ‘अबादी द्वारा जाहिर की गई प्रतिबद्धता से संतुष्ट हैं जो सैन्य अभियान के दौरान नागरिकों की रक्षा के लिए जताई गई है।’ उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रहे इराक के लोगों को आर्थिक सहयोग देने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493