आईओसी ने बौमान के निधन पर शोक जताया

लुसाने (स्विटजरलैंड), 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने अपने सदस्य पैट्रिक बौमान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

बास्केटबॉल के पूर्व खिलाड़ी और कोच बौमान का अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में निधन हो गया। वह 51 साल के थे। बौमान का पूरा जीवन बास्केटबॉल और खेल समुदाय को समर्पित था।

बौमान 1995 से 2002 तक अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल महासंघ (एफआईबीए) के उपमहासचिव थे। इसके बाद वह 2002 में एफआईबीए के महासचिव नियुक्त किए गए थे।

आईओसी के अध्यक्ष थामस बाक ने बौमान के सम्मान में आईओसी मुख्यालय तथा ब्यूनस आयर्स में चल रहे यूथ ओलम्पिक खेलों में तीन दिन तक ओलम्पिक ध्वज आधा झुकाने का आदेश दिया है। इसके अलावा उनकी याद में यूथ ओलम्पिक विलेज में एक स्मारक भी बनाया जाएगा।

बाक ने बौमान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह एक बहुत बड़ी क्षति है जिससे हम सब को गहरा आघात हुआ है। हमने उन्हें कड़ी मेहनत करते देखा है और उन्हें खेलों से प्यार करते देखा है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493