कोलकाता, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को कहा कि आईपीएल टीम की कप्तानी आसान है क्योंकि इसमें शामिल विदेशी खिलाड़ी अपने साथ अपार अनुभव लाते हैं और एक कप्तान का काम आसान कर देते हैं।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे कोहली ने कहा, “आईपीएल टीम का कप्तान होना काफी आरामदायक काम है। मैं तो यही मानता हूं। आप देखिए कि हमारे पास अब्राहम डिविलियर्स, क्रिस गेल जैसे खिलाड़ी हैं जो अपने साथ अपार अनुभव लाते हैं और टीम को जिताने के लिए प्रयासरत रहते हैं।”
यह पूछे जाने पर कि आखिरकार आरसीबी का आईपीएल जीतने का सपना कब पूरा होगा? कोहली ने कहा, “हमने दो बार फाइनल और सेमीफाइनल खेला है। हम मानते हैं कि हम जिस तरह का खेल दिखाते हैं, वह लोगों को पसंद है और वे उसका भरपूर लुत्फ लेते हैं।”
कोहली की टीम शनिवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में आईपीए-8 के अपने पहले मुकाबले में स्थानीय टीम और मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइर्ड्स से भिड़ेगी।
dharmpath.com dharmpath