रायपुर, 11 मई (आईएएनएस)। इंडियम प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 49वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स टीम मंगलवार को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके दिल्ली डेयरडेविल्स से खेलेगी।
दो बार के चैम्पियन सुपरकिंग्स के 12 मैचों से 16 अंक हैं और टीम अंकतालिका में शीर्ष पर होने के साथ-साथ प्लेऑफ में भी स्थान पक्का कर चुकी है। वहीं, डेयरडेविल्स को मौजूदा संस्करण में 12 मैचों केवल चार जीत मिली है। टीम आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
इस मुकाबले का टूर्नामेंट पर कोई खास बड़ा असर नहीं पड़ेगा लेकिन प्लेऑफ मुकाबलों से पूर्व सुपरकिंग्स के लिए कुछ नए प्रयोग करने का अच्छा मौका है। डेयरडेविल्स की कोशिश आखिरी दो मैचों में जीत हासिल कर सम्मान के साथ विदाई करने की होगी।
मुंबई इंडियंस से शुक्रवार को मिली हार के बाद सुपरकिंग्स ने रविवार को राजस्थान रॉयल्स को हराया। रॉयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपरकिंग्स ने पांच विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। जवाब में रॉयल्स नौ विकेट खोकर 145 रन ही बना सके।
दूसरी ओर, डेयरडेविल्स को अपने पिछले मैच में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद से छह रनों की हार का सामना करना पड़ा।
बहरहाल, सुपरकिंग्स और डेयरडेविल्स के बीच हुए मुकाबलों की बात करें तो सुपरकिंग्स का पलड़ा ज्यादा भारी है। दोनों के बीच हुए 14 मैचों में नौ बार सुपरकिंग्स ने बाजी मारी है।
पिछले कुछ मैचों में सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज ड्वायन स्मिथ ज्यादा सफल नहीं रहे हैं। ऐसे में प्लेऑफ मुकाबलों से पूर्व उनकी कोशिश अपना लय हासिल करने की होगी। फाफ दू प्लेसिस और सुरेश रैना भी यही करना चाहेंगे।
गेंदबाजी में एक बार फिर आशीष नेहरा, ड्वायन ब्रावो, रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा पर दारोमदार होगा।
डेयरडेविल्स को सुपरकिंग्स के बाद अपना आखिरी मैच रविवार को रॉयल चैलेंजर्स से खेलना होगा। ऐसे में कप्तान ज्यां पॉल ड्यूमिनी की उम्मीद होगी कि आखिरी दोनों मैचों में युवराज सिंह सहित श्रेयष अय्यर और क्विंटन डी कॉक टीम की सम्मान के साथ विदाई में अहम भूमिका निभाएंगे।
टीम (संभावित) :
चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), ड्वायन स्मिथ, ब्रेंडन मैक्लम, फॉफ दू प्लेसिस, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, ड्वायन ब्रावो, रविचंद्रन अश्विन, मोहित शर्मा, ईश्वर पांडेय, आशीष नेहरा, बाबा अपराजित, मिथुन मन्हास, पवन नेगी, रोनित मोरे, राहुल शर्मा, अंकुश बैंस, इरफान पठान, प्रत्युष सिंह, एकलव्य द्विवेदी, माइकल हसी, सैमुअल बद्री, मैट हेनरी, काइल एबॉट, एंड्र टाई।
दिल्ली डेयरडेविल्स : ज्यां पॉल ड्यूमिनी (कप्तान), युवराज सिंह, मयंक अग्रवाल, मनोज तिवारी, नाथन कोल्टर नील, एंजेलो मैथ्यूज, अमित मिश्रा, एल्बी मोर्कल, क्विंटन डी कॉक, जहीर खान, चिदंबरम गौतम, ट्रेविस हेड, इमरान ताहिर, श्रेयष अय्यर, केदार जाधव, के. के. जियास, डोमनिक जोसफ, शाबाज नदीम, गुरिंदर संधू, मार्कस स्टोइनिस, सौरभ तिवारी, जयदेव उनादकत, जयंत यादव, श्रीकर भरत।
dharmpath.com dharmpath