आईपीएल : पंजाब को जीतने के लिए चाहिए 176 रन (लीड-1)

मोहाली, 9 मई (आईएएनएस)। पंजाब क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के 38वें मैच में सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने किंग्स इलेवन पंजाब के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा है।

बेंगलोर ने अब्राहम डिविलियर्स की 35 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से खेली गई 65 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट खोकर 175 रन बनाए।

डिविलियर्स के अलावा सलामी बल्लेबाज के.एल.राहुल ने 42 रनों का योगदान दिया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर की टीम को राहुल और कप्तान विराट कोहली (21) ने सधी हुई शुरुआत दी। राहुल एक छोर से तेजी से रन बना रहे थे तो दूसरे छोर पर कोहली अपने अंदाज से उलट एक-एक रन लेकर पारी को आगे बढ़ा रहे थे।

दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 63 रन जोड़े। केसी करिअप्पा ने राहुल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने अपनी 25 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। इसी ओवर में करिअप्पा ने कोहली को पवेलियन भेज बेंगलोर को अचानक दबाव में ला दिया।

अगला ओवर लेकर आए अक्षर पटेल ने शेन वाटसन (1) को आउट कर बेंगलोर को संकट में डाल दिया। 63 रनों पर टीम का कोई विकेट नहीं गिरा था। लेकिन, 67 रन तक आते-आते टीम ने अपने तीन विकेट खो दिए।

इसके बाद डिविलियर्स मैदान पर आए। उन्होंने न सिर्फ टीम को संकट से उबारा बल्कि टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। इसमें उनका साथ सचिन बेबी (33) ने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। दोनों ने 9.1 ओवरों में 9.60 की औसत से रन जोड़े। डिविलियर्स को 18वें ओवर में संदीप शर्मा ने पवेलियन भेजा।

ट्रेविस हेड (11) अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। सचिन भी अंतिम गेंद पर दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए।

पंजाब की तरफ से संदीप और करिअप्पा ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर को एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493