पुणे, 1 मई (आईएएनएस)। राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स टीम ने रविवार को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर जारी इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में मुम्बई इंडियंस के सामने 160 रनों की चुनौती रखी है।
मुम्बई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है और मेजबान टीम को निर्धारित 20 ओवरो में पांच विकेट पर 159 रनों पर सीमित कर दिया।
सौरव तिवारी ने मेजबान टीम की ओर से सबसे अधिक 57 रन बनाए। इसके अलावा स्टीवन स्मिथ ने 45 रन जोड़े। तिवारी और स्मिथ ने आठ रन के कुल योग पर अजिंक्य रहाणे (4) का विकेट गिरने के बाद दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े।
स्मिथ 92 के कुल योग पर आउट हुए। स्मिथ ने 23 गेंदों की पारी में तीन छक्के और चार चौके लगाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब (6) का विकेट 105 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद तिवारी ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (24) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए उपयोगी 33 रन जोड़े।
तिवारी का विकेट 138 के कुल योग पर गिरा। तिवारी ने 45 गेंदों का सामना कर चार चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान का विकेट 149 के कुल योग पर गिरा।
कप्तान ने 24 गेंदों का सामना कर दो चौके लगाए। थिसिरा परेरा ने नौ गेंदों पर एक छक्के की मदद से नाबाद 12 रन बनाए।
मुम्बई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन सफलता पाई जबकि हरभजन सिंह और मिशेल मैकक्लानेघन को एक-एक विकेट मिला।
पुणे अपने सात मुकाबलों में से पांच हार चुकी है। वहीं मुंबई की टीम चार मैच जीत कर तीसरे स्थान पर है।
इससे पहले, दोनों टीमों आईपीएल के इस सत्र के उद्घाटन मुकाबले में आमने सामने हुई थीं जिसमें पुणे ने जीत हासिल की थी।
dharmpath.com dharmpath