राजकोट, 1 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण की तालिका में सबसे नीचे चल रही किंग्स इलेवन पंजाब टीम ने रविवार को सौराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर जारी लीग के 28वें मुकाबले में गुजरात लायंस टीम के सामने 155 रनों की चुनौती रखी है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन ने नवनियुक्त कप्तान मुरली विजय (55) की अर्धशतकी पारी की बदौलत निर्धारित 19.5 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 154 रन बनाए।
विजय ने मार्कस स्टोइनिस (27) के साथ 40 गेंदों पर पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। स्टोइनिस ने 17 गेदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।
इसके बाद किंग्स इलेवन की पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई। उसने 73 रनो पर चार विकेट गंवा दिए। शान मार्श (1), ग्लेन मैक्सवेल (0) और गुरकीरत सिंह (0) सस्ते में विदा हुए।
विजय 100 के कुल योग पर आउट हुए। इस मैच से पहले किंग्स इलेवन के कप्तान रहे डेविड मिलर ने इस बार दबावमुक्त होकर खेलते हुए 27 गेदों पर दो चौकों की मदद से 31 रन बनाए।
मिलर ने विकेटकीपर रिद्धिमान साहा (33) के साथ छठे विकटे के लिए 39 रन जोड़े। उनका विकेट 139 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद 145 के कुल योग पर अक्षर पटेल (0) आउट हुए जबकि 151 के कुल योग पर साहा का विकेट गिरा। साहा ने 19 गेंदों पर चार चौके लगाए।
अंतिम ओवर में प्रवीण कुमार ने मोहित शर्मा (1) और सीके करियप्पा (1) को अउे कर किंग्स इलेवन का पुलिंदा बांध दिया।
लायंस की ओर से शिविल कौशिक ने तीन विकेट लिए जबकि ड्वायन ब्रावो और प्रवीण को दो-दो विकेट मिले। धवल कुलकर्णी और रवींद्र जडेजा को भी एक-एक विकेट मिला।
इस सीजन में दोनों टीमों के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर है। पहली बार आईपीएल में हिस्सा ले रही लायंस टीम पहले स्थान पर है जबकि किंग्स इलेवन सबसे नीचे है।
लगातर हार से तंग आकर किंग्स इलेवन ने शनिवार को डेविड मिलर के स्थान पर मुरली विजय को अपना कप्तान नियुक्त किया।
dharmpath.com dharmpath