चेन्नई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स के हरफनमौला खिलाड़ी केदार जाधव मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के 11वें संस्करण से बाहर हो गए हैं।
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच शनिवार को खेले गए लीग के उद्घाटन मैच में जाधव की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसके बाद वह 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मैदान से बाहर चले गए थे।
जाधव ने इसके बाद बल्लेबाजी में वापसी की थी और आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर छक्का और फिर पांचवीं गेंद पर चौका मारकर चेन्नई को जीत दिलाई थी।
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने कहा,” उनका लीग से बाहर होना हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान है। मध्यक्रम में वह हमारे प्रमुख खिलाड़ी थे।” चेन्नई ने इस साल जनवरी में हुई नीलामी में जाधव को 7.8 करोड़ रुपये में खरीदा था।
चेन्नई को अब अपना अगला मुकाबला मंगलवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ यहां एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है।
dharmpath.com dharmpath