आईपीएल से बाहर हो सकते हैं समी

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 में भारत के दूसरे सफल गेंदबाज और दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाड़ी मोहम्मद समी घुटने में चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जारी संस्करण से बाहर हो सकते हैं। डेयरडेविल्स ने हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं की है।

वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार डेयरडेविल्स टीम ने पिछले हफ्ते यह बताया था कि समी घुटने में मामूली चोट के कारण चयन के लिए अभी उपलब्ध नहीं हो सके हैं। साथ ही यह भी बताया गया था कि समी अपनी चोट में तेजी से सुधार के लिए एक विशेषज्ञ की सहायता ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि विश्व कप के दौरान भी समी बाएं घुटने की चोट के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ एक मैच में नहीं खेल सके थे। यह साफ नहीं है कि यह वही चोट है या फिर समी को कोई और नई चोट लगी है। विश्व कप में समी सात मैचों में 17 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे।

डेयरडेविल्स के एक और अनुभवी गेंदबाज जहीर खान भी चोट के कारण आईपीएल के आठवें संस्करण में अभी एक भी मैच नहीं खेल सके हैं।

डेयरडेविल्स ने बुधवार रात ही पुणे में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पांच विकेट से जीत हासिल कर लगातार 11 हारों का सिलसिला खत्म किया। इस संस्करण के तीन मैचों में डेयरडेविल्स की यह पहली जीत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493