आईपीएल : हैदराबाद को मिला 143 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

हैदराबाद, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के 12वें मैच में सोमवार को मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 143 रनों का लक्ष्य रखा है।

हैदराबाद ने टॉस जीत कर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। मुंबई ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए।

मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 54 रन अंबाती रायडू ने बनाए। उनके अलावा कुणाल पंड्या ने नाबाद 49 रनों की पारी खेली।

हैदराबाद की तरफ से पारी का पहला ओवर लेकर आए भुवनेश्वर कुमार ने मुंबई को दूसरी गेंद पर ही पहला झटका दिया। उन्होंने इस आईपीएल का पहला मैच खेल रहे मार्टिन गुपटिल (2) को विकेट के पीछे नमन ओझा के हाथों कैच कराया।

इसके बाद बरेंदर सरन ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर दूसरे सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल (10) को चलता कर मुंबई को एक और झटका दिया। पटेल 26 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

कप्तान रोहित शर्मा (5) बदकिस्मत रहे और 43 के कुल स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। जोस बटलर (11) के जाने के बाद मुंबई की टीम बुरी स्थिति में थी। ऐसे में रायडू ने कुणाल के साथ छठे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। दोनों ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर बनाने की स्थिति में ला खड़ा किया।

रायडू को 123 के कुल स्कोर पर सरन ने अपना तीसरा शिकार बनाया। रायडू ने आउट होने से पहले 49 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के लगाए। दूसरे छोर पर खड़े कुणाल तेजी से रन बना रहे थे। रायडू के बाद मैदान पर आए हार्दिक पंड्या (2) अपने भाई की साथ नहीं दे पाए और 135 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

कुणाल ने नाबाद रहते हुए मुंबई को 142 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वह अपना अर्धशतक एक रन से चूक गए। उन्होंने अपनी पारी में 28 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और इतने की छक्के लगाए।

हैदराबाद की ओर से सरन ने तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर और मुस्ताफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493