आईपीएल-11 : क्रुणाल ने मुंबई को दिया सम्मानजनक स्कोर (लीड-1)

मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। क्रुणाल पांड्या (नाबाद 41) द्वारा अंत में खेली गई तेज पारी के दम पर मौजूदा विजेता मुंबई इंडियंस शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई ने 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 165 रन बनाए।

क्रुणाल के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 43 रनों की पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने भी इतनी ही गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रन बनाए।

मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दीपक चहर ने इविन लुइस को तीसरे ओवर की पहली गेंद पर सात के कुल स्कोर पर पगबाधा आउट कर दिया।

शेन वाटसन ने रोहित शर्मा (15) को पैर जमाने नहीं दिए और अंबाती रायुडू के हाथों 20 के कुल स्कोर पर कैच कराया। सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभाला और स्कोर 98 तक पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर वह वाटसन की गेंद पर हरभजन सिंह के हाथों लपके गए।

ईशान भी अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए और इमरान ताहिर ने उन्हें मार्क वुड के हाथों कैच कराया।

लग रहा था कि मुंबई चेन्नई को 150 के स्कोर से आगे नहीं जाने देगी, लेकिन क्रूणाल ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उसे बचाव करने लायक स्कोर दे दिया है। क्रुणाल के भाई हार्दिक 20 गेंदों में दो चौकों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

चेन्नई की तरफ से शेन वाटसन ने दो विकेट लिए। दीपक और ताहिर को एक-एक सफलता मिली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493