जयपुर, 11 मई (आईएएनएस)। सुरेश रैना (52) के अर्धशतक के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने शुक्रवार को सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया है।
चेन्नई की शुरुआत जैसी थी उसे देखकर लग रहा था कि वह 190 के आसपास आराम से जाएगी लेकिन राजस्थान ने उसे यहां तक नहीं पहुंचने दिया।
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अंबाती रायुडू का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह सिर्फ 12 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हो गए। यहां से रैना और वाटसन ने विकेट पर पैर जमाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की।
रैना आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे तो वहीं वाटसन थोड़ा धीमा खेल खेल रहे थे और रैना को लगातार स्ट्राइक दे रहे थे। वाटसन की पारी का अंत भी आर्चर ने किया। वाटसन 105 के कुल स्कोर पर विकेट के पीछ जोस बटलर के हाथों लपके गए।
रैना ने अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद वह अपनी पारी को और आगे नहीं ले जा पाए। कुछ देर बाद ही ईश सोढ़ी की गेंद पर स्वीप शॉट लगाने के प्रयास में शॉर्ट फाइन लेग पर स्टुअर्ट बिन्नी द्वारा लपके गए। रैना ने अपनी पारी में 35 गेंदों का सामना किया और छह चौके एक छक्का लगाया। रैना का विकेट 119 के कुल स्कोर पर गिरा।
इसके बाद धौनी और सैम बिलिंग्स ने चौथे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की और टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर प्रदान किया। धौनी 33 रनों पर नाबाद लौटे जिसके लिए उन्होंने 23 गेंदों का सामना किया और एक चौके के अलावा एक छक्का लगाया।
बिलिंग्स ने 22 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 27 रनों की पारी खेली। वह आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हुए।
राजस्थान के लिए आर्चर ने दो विकेट लिए। सोढ़ी को एक सफलता मिली।
dharmpath.com dharmpath