मुंबई, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2016 की नीलामी में मंगलवार को भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिह धोनी को संजीव गोयनका की टीम पुणे में शामिल कर लिया गया है।
संजीव की पुणे फ्रेंचाइजी ने धोनी को 12.5 करोड़ रुपये में खरीदा है।
भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के मध्यमक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना को इंटेक्स मोबाइल्स की राजकोट की टीम में शामिल किया गया है।
इसी के साथ राजकोट की टीम ने नीलामी में सफलतापूर्वक बोली लगाते हुए रवींद्र जडेजा (9.5 करोड़), न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (7.5 करोड़) और आस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स फॉल्कनर (5.5 करोड़) को खरीद लिया है।
आईपीएल का नौवां संस्करण नौ अप्रैल, 2016 से शुरू होगा।
रैना ने नीलामी के बाद मंगलवार को ट्वीट किया, “सुंदर शहर राजकोट के लिए खेलने के लिए उत्साहित हूं। नए सह-खिलाड़ियों से मिलने और गुजरात से मिलने वाले समर्थन का इंतजार कर रहा हूं।”
पुणे ने भारतीय क्रिकेट टीम के दाएं हाथ के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को ‘सैकेंड च्वाइस प्लेयर’ के रूप में टीम में शामिल किया है और इस टीम में उनके साथ ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी होंगे।
आईपीएल के नौवें संस्करण में शामिल दो नई टीमें पुणे और राजकोट को दो साल के लिए आईपीएल में शामिल किया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को दो साल तक निलंबित किए जाने के बाद नई टीमों को शामिल किया गया है।
dharmpath.com dharmpath