नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। भारत में अग्रणी पेंट कंपनियों में से एक कंसाई नेरोलैक पेंट्स (केएनपीएल) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में सनराइजर्स हैदराबाद के प्रायोजक के रूप में बने रहने की घोषणा की है।
इस साल भी हैदराबाद टीम के खिलाड़ियों के हेलमेट में नेरोलैक कंपनी का लोगो नजर आएगा।
नेरोलैक काफी लंबे समय से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ बनी हुई है। 2016 में कंपनी गुजरात लायंस के साथ थी। 2017 में फिर वह हैदराबाद टीम के साथ जुड़ गई और इस साल भी इसी टीम के साथ प्रायोजक के रूप में बनी रहेगी।
इस बारे में कंसाई नेरोलैक पेंट्स के निदेशक (डेकोरेटिव) अनुज जैन ने कहा, “आईपीएल की बढ़ती लोकप्रियता से हमें अपने व्यापक रूप से प्रसार में काफी मदद मिल रही है और इस ओर हमारे आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही है। पिछले साल हमने हैदराबाद के साथ जुड़कर अपना एक स्तर तय किया था और हम टीम के साथ बने रहने की घोषणा कर काफी खुश हैं। हम इस सीजन के लिए टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हैं।”
हैदराबाद टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. षणमुगम ने कहा, “हम इस कंपनी के साथ साझेदारी कर काफी गर्व महसूस कर रहे हैं। अब हम 11वें संस्करण की तैयारी कर रहे हैं। हमारे लिए यब सीजन काफी महत्वपूर्ण है। इस साझेदारी के साथ हम अपने वादों को पूरा करने की ओर अग्रसर हैं।”
dharmpath.com dharmpath