आईपीएल-8 : नाइट राइडर्स को मिला 135 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

चेन्नई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपरकिंग्स ने मंगलवार को एम. ए. चिंदबरम स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 28वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने जीत के लिए 135 रनों का लक्ष्य रखा है।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपरकिंग्स निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 134 रन ही बना सका। फाफ दू प्लेसिस सर्वाधिक 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। नाइट राइडर्स की कसी हुई गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि प्लेसिस ने अपनी पारी में केवल एक चौका जड़ा।

एक समय 88 रनों पर पांच विकेट गंवा चुकी सुपरकिंग्स के लिए प्लेसिस और रविंद्र जडेजा (15) ने छठे विकेट के लिए 36 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया।

सुपरकिंग्स की शुरुआत हालांकि अच्छी रही और ड्वायन स्मिथ (25) और विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम (19) ने पहले 24 गेंदों में ही 42 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए।

पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर पीयूष चावला ने मैक्लम को पगबाधा कर नाइट राइडर्स को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद नौवें ओवर में यूसुफ पठान ने स्मिथ को रन आउट कर सुपरकिंग्स को दूसरा झटका दिया।

अगले ओवर में आंद्रे रसेल ने सुरेश रैना (17) को चलता कर सुपरकिंग्स की मुश्किलें और बढ़ा दी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी केवल 3 रन और ड्वायन ब्रावो 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

नाइट राइडर्स की ओर से चावला और रसेल को दो-दो सफलता मिली। ब्रैड हॉज ने एक विकेट हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493