मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच अधिकारियों एवं अंपायरों को संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं।
वेबसाइट ‘क्रिकइंफो डॉट कॉम’ के अनुसार, बीसीसीआई ने आईपीएल-8 के मैच अधिकारियों एवं अंपायरों को निर्देश दिया है कि किसी गेंदबाज का ऐक्शन संदिग्ध पाए जाने पर वे रिपोर्ट करने में बिल्कुल भी न हिचकें।
गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष से बीसीसीआई द्वारा प्रतिबंधित कैरेबियाई स्पिन गेंदबाज सुनील नरीन को बीसीसीआई ने आईपीएल-8 में अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए गेंदबाजी करने के लिए हरी झंडी दिखा दी।
बीसीसीआई ने आईपीएल अधिकारियों के सम्मेलन के आखिरी दिन रविवार को संदिग्ध ऐक्शन वाले गेंदबाजों को मैदान से दूर रखने के प्रति कटिबद्धता व्यक्त की।
सम्मेलन के बाद एक अधिकारी ने कहा कि आईपीएल-8 के दौरान अंपायर संदिग्ध ऐक्शन पर सख्त रुख बनाए रखेंगे। संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन से निपटने के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के रुख का सर्वाधिक असर भारत पर दिख रहा है और बीते घरेलू सत्र में 100 से भी अधिक गेंदबाजों को संदिग्ध ऐक्शन के चलते प्रतिबंधित किया गया।
इतना ही नहीं देश की राष्ट्रीय टीम में खेल चुके स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा को भी रणजी ट्रॉफी के दौरान संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन के चलते निलंबित कर दिया गया।
dharmpath.com dharmpath